नई दिल्ली : भाजपा ने मोदी सरकार के 12 साल पूर्ण होने पर 5 से 21 जून तक देशव्यापी जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया  है। पार्टी के नेता गांवों में जाकर सरकार की उपलब्धियां गिनाएंगे और लोगों से संवाद स्थापित करेंगे। इस दौरान संगठन विस्तार, बूथ स्तर को मजबूत करने तथा महिलाओं, युवाओं तथा और कई वर्गों की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया जाएगा।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की और अफसरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था व आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा की भी समीक्षा की।

विदित हो कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उत्तर प्रदेश में 5 से 21 जून तक व्यापक स्तर पर जनभागीदारी अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी अधिक से अधिक गांव में पहुंचकर चौपाल, पदयात्रा, जनसंवाद और रात्रि प्रवास के जरिये जनता से संपर्क स्थापित करेंगे।

बुधवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये कानून-व्यवस्था, आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा और केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 जून को एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रदेश में कम से कम पांच करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया जाए। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगरीय निकाय को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में कार्य करने को कहा।

सीएम ने निर्देश दिए कि इस अवधि के दौरान स्वच्छता अभियान को विशेष रूप से चलाया जाए। 14 से 16 जून तक विकासखंड स्तर पर जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेलों का आयोजन कर पात्र व वंचित लोगों को सरकारी योजनाओं से सम्बद्ध किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपाल आयोजित की जाए और जनसमस्याओं के समाधान और शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

सीएम ने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के महानिदेशक ने बताया कि आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पुलिस भर्ती परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष बसें चलाई जाएंगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय विस्तार केंद्र में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की।

बैठक में संगठन के विस्तार और जनता तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई है। भाजपा 5 जून से 21 जून तक देशव्यापी जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इस दौरान पार्टी के नेता अधिक से अधिक गांवों में जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे।

यह अभियान विश्व पर्यावरण दिवस और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसरों के साथ भी समन्वय रखेगा। अभियान के तहत पार्टी नेताओं को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100 प्रभावशाली मतदाताओं से संपर्क कर उनकी राय और सुझाव लेने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। यह कार्यक्रम 23 जून से पूर्व समाप्त हो जाएगा, जिसे भाजपा संपूर्ण देश में ‘बलिदान दिवस’ के रूप में मनाएगी।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे नागरिकों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाई जाए। इसके लिए व्यापक और दूरगामी रणनीतियों पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान एनडीए के विस्तार की भी समीक्षा हुई। बताया गया कि वर्तमान में एनडीए देश के 20 से अधिक राज्यों में सरकार चला रहा है। इसे संगठन के बढ़ते प्रभाव और व्यापक राजनीतिक पहुंच का नतीजा बताया गया। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर भी विस्तृत चर्चा हुई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के कामकाज को और ज्यादा प्रभावी बनाने के लिए नई कार्यप्रणालियों पर मंथन किया। इनमें जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं से मिले सुझावों को भी सम्मिलित किया गया।

भाजपा ने भविष्य की रणनीति बनाते हुए संगठन में युवाओं को बड़ी संख्या में जोड़ने और उन्हें शुरुआती दौर में ही नेतृत्व की जिम्मेदारियां देने की योजना पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने पर बल दिया गया।

बैठक में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदायों की संगठन में भागीदारी बढ़ाए  जाने की योजनाओं पर भी विचार विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त डॉक्टरों, वकीलों तथा इंजीनियरों जैसे पेशेवर वर्गों को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया, ताकि उनकी विशेषज्ञता का उपयोग नीति निर्माण और सामाजिक विकास में किया जा सके।

बैठक का समापन करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर को मजबूत करना और समाज के नए वर्गों तक पहुंच बनाना पार्टी की भविष्य की रणनीति का महत्वपूर्ण एवं मुख्य हिस्सा रहेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *