उत्तराखंड : उत्तराखंड में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग ने रुद्रप्रयाग से कुंड तक राष्ट्रीय राजमार्ग और मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। मुख्य विकास अधिकारी ने भी रुद्रप्रयाग से सुमेरपुर तक सफाई और शौचालय व्यवस्था का निरीक्षण किया।

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा से पहले व्यवस्थाओं की हकीकत जानने के लिए देर रात्रि यात्रा के प्रमुख पड़ाव रुद्रप्रयाग जिले में प्रशासन की टीम ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया। जिलाधिकारी के नेतृत्व में जिले भर में अधिकारियों ने सड़कों, सफाई, होटल-रेस्टोरेंट, परिवहन और बाजार व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच पड़ताल की। इस निरीक्षण में कई स्थानों पर लापरवाही उजागर हुई। जिलाधिकारी ने रुद्रप्रयाग से लेकर कुंड तक राष्ट्रीय राजमार्ग और मरम्मत कार्यों का अवलोकन और निरीक्षण किया।

जिले के मुख्य विकास अधिकारी ने भी रुद्रप्रयाग से सुमेरपुर तक सफाई और शौचालय व्यवस्था का जायजा लिया। मुख्य बाजार स्थित यूरिनल में पानी की कमी और दुर्गंध मिलने पर उन्होंने तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। सड़कों के किनारे नालियों में एकत्रित कचरे पर नाराजगी जताते हुए नियमित सफाई के भी आदेश दिए गए। एसडीएम द्वारा रुद्रप्रयाग, ऊखीमठ और जखोली में बाजार व शराब की दुकानों की जांच में ओवर रेटिंग के मामले पकड़ में आए।

अपर जिलाधिकारी ने तिलवाड़ा क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान शराब की दुकानों में ओवररेटिंग की जांच की। कुछ रेस्टोरेंट में घरेलू गैस सिलिंडर के अवैध उपयोग पर सिलिंडर जब्त कर लिए गए। अलग – अलग तहसीलों में एसडीएम और तहसीलदारों ने भीड़भाड़ वाले इलाकों, सड़कों और दुकानों की जांच कर वस्तुओं की निर्धारित मूल्य दरों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

परिवहन विभाग ने सुमेरपुर और तिलणी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 25 से अधिक वाहनों की जांच की, जिनमें से 11 वाहनों का विभिन्न अनियमितताएं मिलने पर चलान किया गया। कई वाहनों में परमिट, टैक्स, बीमा और ओवरलोडिंग से जुड़ी खामियां मिलीं। जिला पर्यटन विभाग द्वारा तिलवाड़ा से अगस्त्यमुनि के बीच होटल और होमस्टे की गहन जांच की गई। जांच के दौरान एक होटल बिना पंजीकरण और घरेलू गैस उपयोग करते पाया गया, जिस पर कार्रवाई की गई। सिल्ली क्षेत्र में भी दो अपंजीकृत होमस्टे नियमों के विरुद्ध संचालित होते पाए गए।

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग के अनुसार, सीएम के निर्देशों के अनुपालन में चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए औचक निरीक्षण निरंतर जारी रखे जाएंगे। सरकार का प्रयास रहेगा कि आगामी चारधाम यात्रा में देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या न होने पाए और वे उत्तराखंड की एक अच्छी और सकारात्मक छवि लेकर यहां से वापसी करें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *