पंजाब : पंजाब के संगरूर जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। संगरूर पुलिस ने लूट, डकैती और हत्या जैसी संगीन वारदातों को अंजाम देने वाले एक खतरनाक गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इन शातिर अपराधियों कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार, जिनमें पिस्तौल और अन्य हथियार शामिल हैं, बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें बदरूखां ड्रेन के पास से दबोच लिया गया।
पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए इस संबंध में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। संगरूर के एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। इनके खिलाफ पहले से ही हत्या, लूट, डकैती और अन्य गंभीर मामलों में चार से पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से कई आरोपियों को अदालत द्वारा घोषित अपराधी भी करार दिया जा चुका है।
एसपी ने बताया कि आरोपी इतने लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय थे कि उन्होंने अपना घर-परिवार तक छोड़ दिया था। उनका तरीका लोगों के साथ लूटपाट करना, हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देना और घटनाओं के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालकर इलाके में दहशत फैलाना था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह संगरूर, मानसा, बरनाला और पटियाला जिलों में सक्रिय था और पूर्व में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।
एसपी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी संगरूर के निर्देश हैं कि जिले में अपराध और दहशत फैलाने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा न जाए। इसी अभियान के तहत पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए इस गिरोह को गिरफ्तार कर एक बड़ी आपराधिक वारदात होने से पहले ही नाकाम कर दिया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे किन-किन मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस द्वारा उनके अन्य साथियों की भी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
