नई दिल्ली : दिल्ली में अब सिर्फ अधिकतम तापमान ही गर्मी का पैमाना तय नहीं करेगा। आने वाले समय में हीट इंडेक्स यानि फील्स लाइक टेम्परेचर ही लोगों के लिए असली खतरे का पैमाना बनता जा रहा है।

मानसून की लेटलतीफी से सूरज कड़े तेवर दिखा रहा है जिसके चलते दिल्ली और एनसीआर में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम शुष्क बना रहने के कारण दिन के साथ – साथ रात के तापमान में भी इजाफा हो रहा है और लोग गर्मी और उमस से परेशान नजर आ रहे हैं। दिल्ली में असल तापमान के मुकाबले गर्मी अधिक महसूस की गई।

सोमवार को राजधानी के ज्यादातर इलाकों में सुबह से ही तेज धूप निकल गई थी जोकि दिन चढ़ने के साथ और तेज होती चली गई।  दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, लेकिन हीट इंडेक्स यानि महसूस किए जाने वाला तापमान 52 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जिससे इन दिनों रात के समय में भी दिन के जैसी गर्मी का अहसास हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार मंगलवार से अगले आने वाले छह दिनों तक राहत की फुहार पड़ने के आसार बन रहे हैं। हल्की बारिश से भी तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। 30 जून से 05 जुलाई के बीच राजधानी के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। वहीं, मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि 02 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा। इसका असर 30 जून की सुबह देखने को मिल सकता है।

दिल्ली में हीट इंडेक्स का असर पिछले कुछ वर्षों में निरंतर देखने को मिल रहा है। आमतौर पर दिल्ली में जून और जुलाई के दौरान नमी बढ़ जाती है, जिससे हीट इंडेक्स या महसूस होने वाला तापमान बढ़ जाता है। साथ ही, इस बार गर्मी के सीजन के दौरान दिल्ली में लू के तीन दौर अप्रैल, मई और जून में देखे गए।

उधर उत्तराखंड में मॉनसून को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अगले 48 घंटे में भारी बारिश हो सकती है। 002 जुलाई को मौसम संबंधित मॉक ड्रिल की जाएगी। मंगलवार के लिए भी तीन जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

उत्तराखंड मौसम विभाग ने मंगलवार 30 जून को राज्य के पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। देहरादून मौसम केंद्र के मुताबिक राजधानी देहरादून, नैनीताल, चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी, हरिद्वार और उधम सिंह नगर समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में आकाशीय बिजली चमकने, तेज बौछारें पड़ने और तेज रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

उत्तराखंड में मौसम का अलर्ट

अगर बात मैदानी इलाकों की करें तो मैदानी इलाकों में सोमवार को रुड़की सबसे गर्म रहा। परंतु अब आने वाले कुछ दिनों में तापमान में 06 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आने की संभावना है। बारिश पड़ने से उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की भी उम्मीद है।

उत्तराखंड में गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए सोमवार का दिन राहत लेकर आया। देहरादून सहित राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश देखने को मिली। इस दौरान ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।

प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के चलने से मौसम सुहावना हो गया। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना व्यक्त की है।

दरअसल प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से निरंतर तापमान बढ़ने और उमस के कारण लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई थी। खासतौर पर मैदानी जिलों में दिन के समय गर्मी और रात में उमस के चलते लोग बेहाल थे। ऐसे में सोमवार सुबह से ही मौसम ने करवट बदली और राजधानी देहरादून सहित कई जिलों में बादल छा गए। इसके पश्चात हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका बढ़ जाती है। इसके साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दूसरी ओर मैदानी जिलों उधम सिंह नगर और हरिद्वार में भी मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों में भी हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

प्रदेश में फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो चुकी हैं और इन्हीं गतिविधियों के चलते कई हिस्सों में बारिश हो रही है। माना जा रहा है कि वर्तमान सप्ताह में उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून भी दस्तक दे सकता है। यदि मौसम की यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में और तेजी देखने को मिल सकती है.

वर्तमान में प्रदेश में कहीं – कहीं हो रही बारिश और ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के तापमान में  गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जा सकती है। इसका सबसे अधिक असर मैदानी जिलों में देखने को मिलेगा, जहां पिछले कुछ दिनों से तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *