उत्तराखंड : उत्तराखंड में केदारनाथ धाम के कपाट खुलते ही पूरा धाम हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा और इसी के साथ केदारनाथ यात्रा का शुभारंभ हो गया। सैकड़ों श्रद्धालु साक्षी इस अविस्मरणीय घटना के साक्षी बने।
केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सवेरे आठ बजे शुभ मुहूर्त में किए गए विधि-विधान के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही संपूर्ण मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय बाबा केदार के जयघोषों से गूंज उठा। सैकड़ों श्रद्धालुओं को इस पावन क्षण का साक्षी बनने का गौरव प्राप्त हुआ। प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अपनी पत्नी सहित धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की।
कपाट खुलने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केदारनाथ धाम सहित चारों धाम उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान हैं और राज्य सरकार तीर्थयात्रियों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव कराने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। सीएम ने बताया कि यात्रा व्यवस्थाओं की वह स्वयं नियमित समीक्षा कर रहे हैं ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को यात्रा मार्गों, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के मद्देनजर सभी आवश्यक प्रबंध समय से सुनिश्चित किए जाएं।
केदारनाथ धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा की गई। पीएम मोदी ने श्रद्धालुओं से पांच संकल्प अपनाने की अपील की। बाबा केदार के धाम को तकरीबन 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है, जिसे देखकर श्रद्धालु आत्मविभोर हो उठे। देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु पहले ही धाम पहुंच चुके थे और कपाट खुलने के अद्भुत नजारे के साक्षी बने। केदार बाबा के कपाट खुलने के अवसर पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई।
विदित हो कि इससे पहले बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार शाम लगभग 4:30 बजे केदारनाथ धाम पहुंची थी। ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से रवाना हुई डोली 17 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय करते हुए जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप से होकर केदारपुरी पहुंची।
धाम पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया। डोली ने मंदिर की परिक्रमा कर भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान आर्मी बैंड की मधुर धुनों और डमरू की गूंज से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और पुलिस व आईटीबीपी के जवान धाम में तैनात रहे।
कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालु बाबा केदार की भक्ति में रंगे नजर आए। पीएम मोदी ने अपने संदेश में श्रद्धालुओं से पांच संकल्प अपनाने की अपील की। इनमें स्वच्छता बनाए रखना, पर्यावरण संरक्षण, सेवा और सहयोग की भावना, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और यात्रा के नियमों का पालन करना सम्मिलित है।
इस पावन अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष, केदारसभा अध्यक्ष, जिलाधिकारी एवं बीकेटीसी मुख्य कार्य अधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित कई गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
