उत्तराखंड : उत्तराखंड में कांग्रेस ने देहरादून के डीएवी (पीजी) कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के दौरान उत्पन्न परिस्थितियां और चुनाव प्रक्रिया की समीक्षा बैठक की। डीएवी कॉलेज में हुए चुनाव परिणामों पर संदेह जताते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने एक कमेटी गठित की है।

बुधवार को इस समन्वय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष और डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष वीरेंद्र पोखरियाल ने की।

समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र पोखरियाल ने छात्रसंघ चुनाव जैसे लोकतांत्रिक और महत्वपूर्ण मंच पर प्रशासन पर दबाव बनाए जाने और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किए जाने के आरोप सामने आने पर इसे अत्यंत गंभीर मामला बताया।

उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव, युवाओं को लोकतंत्र की मूल भावना से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। इसलिए चुनाव प्रक्रिया का पारदर्शी, निष्पक्ष और दबाव मुक्त होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि, भाजपा सरकार ने प्रशासनिक तंत्र का इस्तेमाल कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया, जोकि लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

वीरेंद्र पोखरियाल ने कहा कि धन के द्वारा, सत्ता के प्रभाव अथवा प्रशासनिक दबाव के माध्यम से चुनाव परिणामों को प्रभावित करने की प्रवृत्ति लोकतंत्र की स्वस्थ परंपराओं के लिए उपयुक्त नहीं है। उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान जिस प्रकार का घटनाक्रम सामने आया है वह दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कथित रूप से भाजपा के एबीवीपी छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा मतगणना स्थल पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न की गई। इसके बावजूद प्रशासन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने के आरोप लग रहे हैं, जोकि एक गंभीर मामला है।

वीरेंद्र पोखरियाल ने कहा कि यदि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी पक्ष द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया है तो उसकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि समन्वय समिति पूर्ण प्रकरण के समस्त पहलुओं का अध्ययन कर रही है और वरिष्ठ अधिवक्ताओं से भी कानूनी राय ली जा रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश मिलने के पश्चात इस मामले में आगे की रणनीति निर्धारित की जाएगी।

वीरेंद्र पोखरियाल ने स्पष्ट तौर पर कहा कि डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव से जुड़े पूरे प्रकरण को कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी। छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *