हरियाणा : हरियाणा में फरीदाबाद के सेक्टर-12  हुड्डा मैदान में शनिवार को भाजपा द्वारा धन्यवाद एवं विकसित फरीदाबाद रैली आयोजित की गई। इस रैली में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिरकत की और विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 120 करोड़ की चार परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

इस आयोजन के दौरान रैली को संंबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने विपक्ष पर जमकर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में न तो डीजल की कमी है और न ही गैस और पेट्रोल की, विपक्ष केवल लोगों में भ्रम फैलाने का कार्य कर रहा है। सीएम ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार बिना किसी विजन के चल रही थी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के फरीदाबाद आगमन से पहले मुस्तैदी से शहर को चमकाने का कार्य किया गया। पूरे शहर से कूड़े के ढेर साफ किए गए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित एफएमडीए की सातवीं अथॉरिटी बैठक को लेकर शहर में बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व ही नगर निगम प्रशासन ने सफाई व्यवस्था में अपनी पूरी ताकत झोंक दी।

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए शहर के कई हिस्सों में लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बने कूड़े के ढेर नगर निगम द्वारा हटा दिए गए। इस कार्य को पूर्ण करने के लिए कर्मचारियों के साथ – साथ भारी संख्या में ट्रैक्टरों और जेसीबी मशीनों की सहायता ली गई। मुख्य रूप से बीपीटीपी रोड, सेक्टर-11, 12, 14 और 15 में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया और सभी सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिए थे कि वे मौके पर पहुंचकर अपनी हाजिरी दर्ज कराएं, जिससे लापरवाही की कोई गुंजाइश न रहने पाए।

सीएम के आगमन से पूर्व ही प्रोटोकॉल और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सेक्टर-12 के आसपास लगने वाली अवैध रेड़ियों को पूरी तरह हटा दिया गया और कई अस्थायी दुकानों को बंद करा दिया गया। प्रशासन का पूरा फोकस उन रास्तों पर रहा, जहां से मुख्यमंत्री का काफिला गुजरना था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर इसी तरह की मुस्तैदी सामान्य दिनों में भी दिखाई जाए, तो शहर की सूरत बदल सकती है। फिलहाल, मुख्यमंत्री के दो दिवसीय प्रवास के दौरान पूरा प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *