दिल्ली-एनसीआर : दिल्ली और एनसीआर में भीषण गर्मी का प्रकोप प्रारंभ हो गया है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। पूरे इलाके में डीहाइड्रेशन के मरीज बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने धूप से बचने और पर्याप्त तरल पदार्थ पीने की सलाह दी है।
दिल्ली सहित एनसीआर में गर्मी की मार तेज हो गई है। फरीदाबाद में इन दिनों भीषण गर्मी और तेज गर्म हवाओं ने जनजीवन को अस्त – व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, जिससे लोगों की परेशानियों में इजाफा हो सकता है। आईएमडी की आधिकारिक वेबसाइट के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार को फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है और दोपहर के समय लू चल सकती है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर में लू चलने के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्मी का असर सबसे अधिक बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। लगातार तापमान बढ़ने के चलते लोगों में डीहाइड्रेशन, चक्कर आना, सिरदर्द और थकान जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। चिकित्सकों का कहना है कि गर्मी की वजह से शरीर में पानी की कमी के चलते डीहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
सरकारी और निजी अस्पतालों में इन दिनों मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। खासतौर पर डीहाइड्रेशन से पीड़ित लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से सतर्कता बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि बिना आवश्यकता धूप में निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी सहित अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें।
मौसम विभाग ने भी लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। विशेषज्ञों के अनुसार दोपहर में धूप का असर सबसे अधिक रहता है, इसलिए इस दौरान बाहर निकलने से बचना चाहिए। प्रशासन की ओर से भी सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था करने और लोगों को जागरूक करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि भीषण गर्मी से होने वाली समस्याओं को कम किया जा सके।
चिकित्सकों ने लोगों से घर या ऑफिस से बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखने और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ पीने की सलाह दी है। साथ ही हमेशा पानी की बोतल साथ रखने की भी सलाह दी गई है ताकि डिहाइड्रेशन से बचा जा सके।
लोगों को देर शाम तक लू जैसे हालात का अहसास हो रहा है। तापमान में इस बढ़ोतरी ने आमजन की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। चिकित्सकों ने खासकर बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखने की जरूरत बताई है, क्योंकि वह लू की चपेट में जल्दी आ सकते हैं। यदि तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में गर्मी से और भी अधिक परेशानी हो सकती है। लोगों को सतर्क रहने और बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
