हिमाचल प्रदेश : हिमाचल प्रदेश में फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के जखबड़ में मंगलवार को आयोजित जनसभा में सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि 30 जून तक सीबीएसआई पाठ्यक्रम वाले सभी स्कूलों में अध्यापकों की नियुक्ति पूरी कर ली जाएगी। मुख्यमंत्री ने फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।
सीएम सुक्खू ने कहा कि शाहनहर के प्रमुख अभियंता प्रोजेक्ट का कार्यालय, जिसे पहले फतेहपुर से मंडी जिले में स्थानांतरित किया गया था, उसे अब दोबारा फतेहपुर में ही स्थापित कर दिया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के महिला मंडलों को 20 हजार रुपये की सहायता प्रदान करने तथा वजीर राम सिंह स्टेडियम के जीर्णोद्धार हेतु 50 लाख रुपए देने की भी घोषणा की।
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के जखबड़ में आयोजित जनसभा में सीएम ने कहा कि आरडीजी बंद होने से प्रदेश को प्रति वर्ष तकरीबन 10 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ सुर्खियां बटोरने के लिए अनाप – शनाप बयानबाजी कर रही है। वर्तमान राज्य सरकार ने आम जनता की आकांक्षाओं और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नीतियां बनाई हैं। इसके तहत बीते वर्ष से पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम की शुरुआत की गई है और 150 से अधिक स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न पर लाया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राकृतिक रूप से उगाई गई हल्दी को 150 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव से खरीदा जाएगा। राज्य सरकार ने जलाशयों में मछली पालन का व्यवसाय करने वाले किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का निर्णय लिया है। मानसून के दौरान मछली पकड़ने पर प्रतिबंध की अवधि में मछुआरा परिवारों को 3,500 रुपये सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा, जलाशयों में पकड़ी जाने वाली मछलियों पर रॉयल्टी दर को 15 प्रतिशत से घटाकर 1 प्रतिशत कर दिया गया है। छह चरणों में एक लाख से अधिक अति गरीब परिवारों की पहचान की जा चुकी है और सातवां चरण पूरा होने के मुकाम पर है। उन्होंने कहा कि अति गरीब परिवारों के लिए अपना परिवार-सुखी परिवार योजना प्रारंभ की गई है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह पेंशन तथा 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी।
राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष और विधायक ने कहा कि पुल बनने के बाद यहां औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा और अगले दो वर्षां में यहां उद्योग लाए जाएंगे। इस अवसर पर कृषि मंत्री , पूर्व विधायक, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य सहित अन्य कई गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
सीएम ने कहा कि पंचायत और शहरी निकाय चुनाव के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है। हमने जो कहा था, वह किया है और पंचायत चुनाव समय पर कराने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सीएम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पंचायत चुनाव में अपने उम्मीदवार घोषित नहीं करेगी। यह चुनाव स्थानीय स्तर के हैं और हर व्यक्ति को स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने का अधिकार है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकार ने केवल मुद्दे बनाए, जबकि उनकी सरकार ने विकास कार्यों को जमीनी हकीकत प्रदान की है। सीएम ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में हिमकेयर योजना में घोर अनियमितताएं हुईं, यहां तक कि पुरुषों के भी ओवरी ऑपरेशन दिखा दिए गए। उन्होंने अवगत कराया कि राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के आदेश पारित कर दिए हैं।
