उत्तराखंड : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन वीरवार को अपने तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून पहुंचेंगे। वह यहां कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। शाम के समय सबसे पहले वह सीधे प्रदेश कार्यालय पहुंचकर प्रदेश कोर कमेटी और इसके बाद मंत्रियों की बैठक लेंगे।
भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के पश्चात उनके पहले दौरे को लेकर भाजपा ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम के पहले ही दिन नितिन दो अहम बैठक में शिरकत करेंगे।
एयरपोर्ट से लेकर भाजपा मुख्यालय तक 25 जगह पर भाजपा अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान भाजपा के युवा और महिला कार्यकर्ता उत्तराखंड राज्य के पारंपरिक रंगरूप में नजर आएंगे।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप, शुक्रवार की सवेरे राष्ट्रीय अध्यक्ष सबसे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसके पश्चात वह पूर्व सीएम स्व. बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना प्रदान करेंगे। इसके उपरांत सुबह 11 बजे करीब वह राजपुर रोड स्थित एक होटल में पहुंचेंगे जहां विभिन्न बैठकों का दौर प्रारंभ होगा।
तय कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद, विधायकों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर दो बजे से वह प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष, महामंत्री जिला प्रभारी, सह प्रभारी एवं जिला अध्यक्षों के साथ विस्तृत चर्चा में भाग लेंगे। शाम चार बजे से वह महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं ब्लाक प्रमुखों के साथ चर्चा करेंगे।
शाम के समय वह मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी एवं प्रदेश प्रवक्ता की बैठक लेंगे। इसके पश्चात वह शाम को ही ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन में गंगा आरती में शिरकत करेंगे और संतों के साथ संवाद स्थापित करेंगे।
अपने उत्तराखंड प्रवास के आखिरी दिन यानि शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने के बाद बूथ संख्या 141 के बूथ अध्यक्ष के डाकरा गढ़ी कैंट स्थित आवास पर जलपान ग्रहण करेंगे। इसके बाद वहां से बूथ समिति 138, दुर्गामल्ल मंडल की बैठक में सम्मिलित होंगे।
इसके उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष सिंघनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में कॉन्क्लेव में शामिल होंगे। तत्पश्चात दोपहर दो बजे करीब वह सीएम आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में युवा संवाद कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। इसके बाद वह शाम साढ़े चार बजे करीब देहरादून एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
