उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश का मौसम एक बार फिर से गर्म होने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक विक्षोभ का असर समाप्त होने के पश्चात रविवार को फिर से गर्मी तेवर दिखाएगी।
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से मौसम बदलने जा रहा है। बीते कुछ दिनों से मिल रही राहत रविवार से समाप्त होने के आसार बन रहे हैं। केरलम में मानसून के आगमन के साथ ही उत्तर प्रदेश का मौसम भी बदल रहा है। शुक्रवार को राजधानी लखनऊ सहित ज्यादातर जिलों में बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी, तेज हवा और कहीं – कहीं आंधी जैसे हालात बन गए थे।
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को भी बादलों की आवाजाही जारी रहेगी, तेज हवा के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। इसके उपरांत धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। तकरीबन पांच दिन के बाद दक्षिणी यूपी में तापमान बढ़ने के साथ लू चलने के आसार बन रहे हैं।
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलाें में तेज हवा, आंधी और बूंदाबांदी के चलते तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक के अनुसार कि शनिवार को भी सम्पूर्ण प्रदेश में बादलों की आवाजाही चलती रहेगी।
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का प्रभाव कम हो जाएगा जबकि उत्तरी क्षेत्र में आंधी-बारिश की संभावना बनी रह सकती है। रविवार से तापमान में वृद्धि शुरू होने के आसार बन रहे हैं। दक्षिणी उत्तर प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही लू के आसार हैं जिसका असर अन्य क्षेत्रों में भी दिखाई पड़ सकता है।
शुक्रवार को काशी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि बांदा के बाद दूसरी सबसे गर्म रात भी काशी की ही रही। यहां का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक और न्यूनतम सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान विभाग द्वारा शनिवार को हल्की बारिश के साथ ही अगले 5 – 6 दिनों तक लू चलने और तापमान बढ़ने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। दोपहर के समय का पारा 45 डिग्री से भी ज्यादा रह सकता है। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ जम्मू के आसपास सक्रिय है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती हवा की स्थिति बनी हुई है लेकिन बारिश की संभावना न के बराबर है।
वहीं भारत मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। केरल में 6 और 7 जून को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की भी संभावना व्यक्त की गई है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में भी अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
