उत्तराखंड : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरेला पर्व के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर वृद्ध जागेश्वर और भगवान जागेश्वर महादेव के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने जागेश्वर मंदिर प्रांगण में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम वृद्ध जागेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने जागेश्वर धाम में भगवान जागेश्वर महादेव के दर्शन करने के बाद पूजा अर्चना की।

हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने मंदिर परिसर में पौधा रोपते हुए प्रदेशवासियों से एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़ने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व उत्तराखंड की प्रकृति, पर्यावरण और लोक संस्कृति से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर हरिद्वार कांगड़ी ग्राम स्थित प्रेम निवास आश्रम में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आश्रम के महंत के सौजन्य से हुए इस आयोजन में मुख्य अतिथि के तौर पर हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पूर्व मुख्यमंत्री ने भी प्रदेशवासियों को हरेला की शुभकामनाएं दीं।

हरेला पर्व के अवसर पर केदारनाथ विधानसभा की विधायक आशा नौटियाल ने जैबीरी-ऊखीमठ में फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरेला केवल पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आस्था और जिम्मेदारी का प्रतीक है।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वृक्ष मां के नाम अभियान जनभागीदारी को नई दिशा प्रदान कर रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने हरित, स्वच्छ और समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प भी दोहराया।

हरेला पर्व के अवसर पर पोखरी में भी व्यापक पौधरोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग की पोखरी रेंज और केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की नागनाथ रेंज के संयुक्त तत्वावधान में गैरकटाह तोक व नागनाथ रेंज के आरक्षित वन क्षेत्र में बांज और देवदार सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधे रोपे गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने हरेला को प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बताया और लोगों से  पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने वनों और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान लोकगायक जितेंद्र कुमार ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित लोकगीतों की प्रस्तुति देकर लोगों को इसके लिए जागरूक किया। कार्यक्रम में वन विभाग के कई अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिरकत की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *