दिल्ली/ एनसीआर : मौसम विभाग द्वारा आने वाले दिनों में कुछ राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही विभाग ने दिल्ली एनसीआर में तेज हवाएं और आंधी चलने की भी चेतावनी जारी की है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानि आईएमडी द्वारा शनिवार से कुछ राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी ज़ारी करते हुए कहा है कि देश के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां तेज होने के साथ ही भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश होने की संभावना बन रही है। तेज हवाओं से पेड़, बिजली के खंभे और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है और कई इलाकों में बिजली गिरने का भी खतरा बताया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह देते हुए अपील की है कि वे आंधी-तूफान के दौरान घर के अंदर रहें और पेड़ों के नीचे शरण न लें। खराब मौसम से प्रभावित इलाकों में परिवहन और बिजली आपूर्ति में रुकावट की संभावना को देखते हुए भी सावधानी बरतने को कहा गया है।

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मौसम का मिजाज कुछ दिनों से निरंतर बदल रहा है। कभी तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है तो कभी अचानक बादल छाने, बारिश और तेज हवाओं से मौसम सुहावना बन रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा शनिवार को दिल्ली-एनसीआर के लिए बारिश, आकाशीय बिजली और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रविवार के लिए एक बार फिर गर्मी और उमस को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। बदलते मौसम की वजह से मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

आने वाले सप्ताह में गरज के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है, लेकिन दोपहर और शाम के समय मौसम गर्म और उमस भरा रह सकता है। इसलिए मौसम विभाग ने गर्मी और उमस को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके पश्चात मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान से स्पष्ट है कि आने वाले सप्ताह में दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है। इससे पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद बन गई है। बीच-बीच में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के कारण मौसम तेजी से बदल सकता है।

हिमाचल प्रदेश के शिमला में स्थित मौसम केंद्र द्वारा आने वाले कुछ दिनों में जुलाई के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यह अलर्ट इसलिए जारी किया गया है, क्योंकि आज से दक्षिण-पश्चिम मानसून के साथ-साथ इस इलाके में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना बन रही है, जिससे पूरे राज्य में व्यापक बारिश हो सकती है।

शनिवार के लिए शिमला, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू और सिरमौर जिलों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने जम्मू-कश्मीर के लिए भी चेतावनी जारी की है। इसमें अगले कुछ दिनों में भारी बारिश के साथ-साथ अचानक बाढ़, भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई गई है। विभाग ने लोगों को शनिवार रात, रविवार सुबह और 20 से 22 जुलाई के मध्य खास सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि इस दौरान मौसम के हालात काफी खराब रहने की उम्मीद है।

उत्तराखंड में भी बारिश के चलते नदी – नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है।मौसम विभाग ने लोगों को यात्रा के दौरान लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *