उत्तराखंड : उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर निरंतर हो रही मूसलाधार बारिश के बीच वीरवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। गौरीकुंड गेट से तकरीबन 200 मीटर आगे की ओर अचानक पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा, बोल्डर और पत्थर पैदल मार्ग गिर गए, जिससे केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। खतरे के मद्देनजर  प्रशासन ने तुरंत ही यात्रियों की आवाजाही रोक दी और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक पहाड़ी से तेज आवाज़ के साथ भारी मलबा और पत्थर नीचे गिरने लगे। यदि उस समय श्रद्धालु मार्ग पर चल रहे होते तो बड़ी दुर्घटना घट सकती थी। प्रशासन द्वारा तत्काल की गई कार्रवाई से संभावित जनहानि टल गई। भूस्खलन की सूचना प्राप्त होते ही जिला प्रशासन, डीडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

टीम ने मार्ग से मलबा हटाने का कार्य प्रारंभ कर दिया, परंतु लगातार हो रही बारिश और ऊपर से गिरते पत्थरों के चलते राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार द्वारा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी यात्री को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देते हुए बिना अनुमति आगे बढ़ने का प्रयास न करें। सिर्फ प्रशासन द्वारा जारी किए जा रहे आधिकारिक निर्देशों का पालन करें। फिलहाल केदारनाथ पैदल यात्रा पूर्ण रूप से स्थगित है। यात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन के अगले निर्देशों का इंतजार करने की अपील की जा रही है।

पहाड़ से लेकर मैदान तक लगातार हो रही बारिश के चलते हरिद्वार में भी गंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। हरिद्वार के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है और गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के निकट तक पहुंच गया है। भीमगोड़ा बैराज पर श्रीनगर डैम और पशुलोक बैराज से गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी लेवल से सिर्फ एक मीटर नीचे यानि 293 मीटर तक पहुंच गया है, जबकि खतरे का निशान 294 मीटर है।

ऐसी स्थिति में गंगा नदी में अतिरिक्त जल छोड़े जाने की सूचना मिलने के पश्चात प्रशासन अलर्ट मोड़ पर है। गंगा का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। इसके मद्देनजर मैदानी इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है और सिंचाई विभाग के अधिकारी जलस्तर पर निरंतर नजर रखे हुए हैं।

बारिश और खराब मौसम के बावजूद हरिद्वार में कांवड़ मेले के चलते भारी संख्या में कांवड़िए गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं। तेज और मूसलाधार बारिश में भी कांवड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश के बीच कांवड़िए गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों की ओर जाते नजर आ रहे हैं।

हरिद्वार में बारिश के चलते होने वाले जलभराव और गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने की सूचना के पश्चात जिलाधिकारी ने सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट मोड़ पर रहने के लिए निर्देशित किया है। साथ ही उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर जलभराव के तुरंत निदान के लिए भी निर्देश दिए हैं। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने गंगा नदी के किनारे रहने वालों लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह भी दी है। जिलाधिकारी स्वयं गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *