उत्तराखंड : उत्तराखंड में रामनगर के कालागढ़ टाइगर रिजर्व के रामगंगा बांध क्षेत्र में बीते दिवस एक विशाल टस्कर हाथी के अचानक पहुंचने से कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। हाथी काफी देर तक बांध परिसर में बेखौफ होकर घूमता रहा और इस दौरान कर्मचारियों ने सुरक्षित स्थान पर रहकर स्वयं को हाथी से सुरक्षित रखा। कई कर्मचारियों ने दूरी बनाकर ही हाथी की गतिविधियों का अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया, जोकि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कालागढ़ स्थित रामगंगा बांध क्षेत्र में कर्मचारी अपने रोजमर्रा के काम में व्यस्त थे, की इसी दौरान एक विशाल टस्कर हाथी अचानक परिसर के समीपपहुंच गया। हाथी को सामने देखकर वहां उपस्थित कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने सतर्कता बरतते हुए स्वयं ही हाथी से सुरक्षित दूरी बना ली।
विशाल टस्कर हाथी काफी देर तक बांध परिसर में विचरता रहा। इस दौरान किसी भी कर्मचारी ने उसके करीब जाने या उसे छेड़ने या भगाने का प्रयास नहीं किया। कर्मचारियों ने हाथी की गतिविधियों को अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया। अब हाथी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वन्यजीव विशेषज्ञ के अनुसार, बरसात के मौसम में जंगलों और वन क्षेत्रों में हाथियों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। भोजन और पानी की तलाश में कई मर्तबा हाथी जंगल से निकलकर आबादी और सड़क वाले क्षेत्रों के नजदीक भी पहुंच जाते हैं। ऐसी स्थिति में वन क्षेत्र से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों और संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता होती है।
विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि यदि हाथी या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो उसके नजदीक जाने, उसे परेशान करने या उसका रास्ता रोकने की चेष्टा कदापि न करें। वन्यजीव से सुरक्षित दूरी बनाए रखकर तत्काल इसकी सूचना संबंधित वन विभाग को दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
उधर राज्य के खटीमा से भी हाथी से संबंधित एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां के चकरपुर इलाके में स्कूटी सवार महिला सीधे सड़क पार कर रहे एक हाथी से जा टकराई। इस हादसे में महिला घायल हो गई और हाथी का भी एक दांत टूट गया। हाथी दांत के टूट कर तीन टुकड़े हो गए। घटनास्थल से गुजर रहे अन्य लोगों के शोर मचाने पर हाथी जंगल की तरफ भाग निकला। साथ ही लोगों ने महिला के घायल होने की सूचना पुलिस और परिजनों को दी।
स्कूटी इतनी तेजी से हाथी से टकराई कि हाथी का एक दांत टूट कर सड़क पर गिर गया और स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। हाथी से टकराने के बाद साहस दिखाते हुए महिला घटनास्थल से कुछ दूरी तक दौड़ लगा दी। इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने स्कूटी को हाथी से टकराते देख शोर मचा दिया और हाथी जंगल की ओर भाग गया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायल महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया और वन विभाग की टीम ने हाथी दांत को मौके से बरामद कर उसे रेंज कार्यालय में सुरक्षित रख दिया। साथ ही हाथी की निगरानी के लिए घटनास्थल के आसपास दो ट्रैप कैमरे लगाने की कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।वन विभाग के अनुसार, यह हाईवे हाथी कॉरिडोर भी है, इसलिए उसने इस मार्ग पर वाहन चालकों से सावधानी पूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।