उत्तर प्रदेश : बहुजन समाज पार्टी यानि बसपा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसके चलते बसपा सुप्रीमो मायावती ने पार्टी में बड़ा फेरबदल कर दिया है। उन्होंने अपने समधी, यानि अपने भतीजे आकाश आनंद के ससुर, अशोक सिद्धार्थ से दिल्ली, केरल, कर्नाटक और गुजरात राज्य का प्रभार वापिस ले लिया है।
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले बसपा में बड़े पैमाने पर फेरबदल और कार्रवाई का दौर प्रारंभ हो गया है। इसके अतिरिक्त उनके करीबी नितिन सिंह को भी पदों से हटा दिया गया है।
विदित हो कि बसपा प्रमुख ने विगत वर्ष अनुशासनहीनता के आरोप में अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। हालांकि बाद में भतीजे आकाश आनंद के साथ उनको भी माफ़ करके पार्टी में वापस ले लिया गया था।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रामजी गौतम, राज्यसभा सांसद को अन्य राज्यों के साथ ही पंजाब राज्य का भी फिर से प्रभारी बना दिया गया है। वह पंजाब के आगामी विधानसभा आमचुनाव तक ही नहीं बल्कि आगामी लोकसभा आमचुनाव तक भी इसी भूमिका में नजर आएंगे।
साथ ही बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और अपने भतीजे आकाश आनंद की भूमिका भी स्पष्ट कर दी। सोशल मीडिया एक्स पर उन्होंने साफ किया कि पार्टी के सभी बड़े निर्णय वह स्वयं लेती हैं।
राज्य स्तरीय बैठकें और पार्टी उम्मीदवारों के नाम वह खुद तय करती हैं। बसपा सुप्रीमो ने कहा है कि आकाश आनंद का कद बढ़ाने या कम करने जैसा कुछ नहीं है। पार्टी उम्मीदवार तय करने में भी वह कोई भूमिका नहीं निभाते।
बसपा अध्यक्ष ने कहा है कि प्रदेश के विधानसभा आम चुनाव नजदीक आ रहे हैं। पार्टी उम्मीदवार तय करने के लिए प्रदेश व मंडल स्तरीय पदाधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा है कि अब तक मैंने दो दर्जन से ज्यादा उम्मीदवारों के साक्षात्कार लेकर नाम अंतिम कर दिए गए हैं और भविष्य में भी मेरे द्वारा ही उम्मीदवार तय किए जाएंगे। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम में लेश मात्र भी सच्चाई नहीं है।
मायावती ने साफ तौर पर कहा कि देशभर में जहां भी विधानसभा और लोकसभा चुनाव होते हैं, पार्टी उम्मीदवारों का नाम वह खुद तय करती हैं। यूपी की विधानसभा क्षेत्रों के लिए जो उम्मीदवार तय कर दिए गए हैं, वह मेरी ही अनुमति से हुए हैं। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी छोटी – छोटी जनसभा आयोजित करके उनका ऐलान कर रहे हैं। कुछ सीटों के उम्मीदवारों का ऐलान आकाश आनंद द्वारा भी पार्टी की जनसभा में किया जाएगा।
बसपा अध्यक्ष ने कहा कि अभी हाल ही में जिन राज्यों में आम चुनाव हुए हैं, वहां जनसभा के लिए मैंने ही आकाश आनंद को भेजा था। विगत तकरीबन एक वर्ष से पार्टी संगठन की समीक्षा, बैठकें और जनसभा आदि करने के लिए मैं ही उन्हें भेज रही हूं। आकाश आनंद पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं।
पिछले साल 09 अक्तूबर को मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि के अवसर पर हुई महारैली में आकाश आनंद को बोलने का अवसर प्रदान किया गया। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि यह सब पार्टी की रूटीन प्रक्रिया के तहत हो रहा है।
पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष के दिशा निर्देशन में ही उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर पार्टी उम्मीदवार का ऐलान करने के लिए जनसभा की जा रही है। उन्होंने चेताया कि सोशल मीडिया पर आए दिन फिजूल बातें करना ठीक नहीं है। पार्टी के लोगों को ऐसे शरारती और जातिवादी तत्वों से हमेशा सावधान रहने की आवश्यकता है।