उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ मार्ग पर मांस व शराब की सभी दुकानें बंद रखने के स्पष्ट आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी चालक नशे की हालत में वाहन न चलाए। सीएम ने विद्युत ट्रांसफार्मरों व बिजली लाइनों पर निरंतर निगरानी बनाए रखने को भी कहा, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता व यातायात व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
शुक्रवार को गाजियाबाद आए सीएम योगी ने कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए मेरठ तथा सहारनपुर मंडल के पुलिस व प्रशासनिक अफसरों के साथ कलेक्ट्रेट में बैठक की। इस दौरान सीएम ने कहा कि यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे व ड्रोन से निगरानी रखी जाए। सीएम ने कहा कि डीजे की आवाज निर्धारित मानक से अधिक नहीं होनी चाहिए और कांवड़ की ऊंचाई भी तय सीमा के अनुरूप ही रहे।
सीएम ने गाजियाबाद को एनसीआर का सुशासन, सुरक्षा और विकास का ग्रोथ इंजन बताया। उन्होंने गाजियाबाद को एनसीआर और दिल्ली के विकास का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि कानून के राज, सुशासन और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था से इस जिले ने नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि जहां सुरक्षा होती है, वहीं सुशासन आता है और सुशासन से ही समृद्धि, विकास, निवेश और रोजगार के अवसर पैदा होते हैं।
शुक्रवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादनगर के रावली रोड स्थित कुशल पाल सिंह त्यागी तेज पाल त्यागी डिग्री कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विगत 12 वर्षों में देश को सुशासन का मॉडल दिया है। देश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति से कानून का राज स्थापित हुआ है।
सीएम ने आगे कहा कि इसका ही परिणाम है कि गाजियाबाद अब एनसीआर और दिल्ली के ग्रोथ इंजन के रूप में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद को 800 करोड़ रूपए से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने गाजियाबाद में 90 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने ओडीओपी योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया।
कांवड़ यात्रा को लेकर सीएम योगी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर मांस व शराब की सभी दुकानें बंद रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा मार्गों को समय रहते गड्ढा मुक्त करने के लिए भी निर्देशित किया। सीएम ने कहा कि सभी मार्ग पर स्वच्छता बनी रहे और कूड़ा नजर न आए। यात्रा शिविरों में स्ट्रीट लाइट, पेयजल, शौचालय आदि की समुचित व्यवस्था बनाई जाए।
उधर श्रावण मास में प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। कांवड़ यात्रा मार्गाें की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी और बड़े वाहनों के लिए मार्ग परिवर्तित किया जाएगा।
बता दें कि 30 जुलाई से सावन का महीना प्रारंभ हो रहा है और तीन अगस्त को पहला सोमवार है। कांवड़ यात्रियों को हादसों से बचाने और यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए रूट डायवर्जन और लेन मैनेजमेंट पर विशेष काम किया जा रहा है। इसके तहत मथुरा-बरेली और आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर कांवड़ियों के लिए एक समर्पित पैदल मार्ग बनाया जाएगा।
शिवभक्तों की सुविधा के लिए कांवड़ यात्रा मार्गों पर विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा शिविर भी लगाए जाएंगे। पीने के पानी के टैंकर और प्रकाश की व्यवस्था भी की जाएगी और सड़कों की मरम्मत के कार्य के भी निर्देश दे दिए गए हैं।
