उत्तराखंड : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के यमकेश्वर क्षेत्र का एक साथ भ्रमण और विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों ने महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में आयोजित कार्यक्रम में भी शिरकत की।
कार्यक्रम का प्रारंभ यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ। दोनों मुख्यमंत्रियों ने देश और प्रदेश के लिए सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। पौड़ी जिले की जिलाधिकारी ने अतिथियों का स्वागत सत्कार किया।
गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर भी गए जहां उन्होंने श्री विष्णु महायज्ञ में हिस्सा लेकर परिवार और ग्रामीणों के साथ अनुष्ठान किया। उन्होंने मंदिर समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तीन वर्ष पहले तक जहां सिर्फ श्रद्धा थी, आज उस स्थान पर भव्य मंदिर का निर्माण हो चुका है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि अच्छी सोच के परिणाम सुखद होते हैं और ईश्वर की भक्ति सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखती है। उन्होंने ठांगर क्षेत्र के बच्चों के शैक्षणिक उपलब्धियों पर भी खुशी वयक्त की।
महाविद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने दोनों मुख्यमंत्रियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। योगी आदित्यनाथ और पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान महाविद्यालय की नई एआई आधारित वेबसाइट का डिजिटल उद्घाटन कर वेबसाइट की कार्यप्रणाली की जानकारी भी दी गई। मुख्यमंत्री योगी ने एआई बॉट से संवाद कर परीक्षा प्रणाली और परिणामों की समीक्षा की और मुख्यमंत्री धामी ने छात्र संख्या और कौशल विकास कार्यक्रमों पर परिचर्चा की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के नए भवन और सेमिनार हॉल का उद्घाटन भी किया गया और विकसित भारत-एक संकल्प पुस्तक का विमोचन किया गया। युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महाविद्यालय परिसर में ओपन जिम का लोकार्पण भी किया गया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने जिम उपकरणों पर व्यायाम करके स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त प्रस्तावित स्टेडियम की भूमि का निरीक्षण कर दोनों मुख्यमंत्रियों ने जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने का आश्वासन भी दिया।
गुरुवार को योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे और गांव में नवनिर्मित मंदिर प्रांगण में भी गए। यहां योगी आदित्यनाथ का ढोल-दमाऊ से स्वागत किया गया। ग्रामीणों संग जन प्रतिनिधियों ने योगी आदित्यनाथ को पुष्प भेंटकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
बता दें कि पंचूर गांव में नवनिर्मित श्री विष्णु पंचदेव मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 04 मई को कलश यात्रा आयोजित की गई थी और आने वाली 08 मई को मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं श्री विष्णु महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। मंदिर एक मार्च 2025 से बन रहा है और अप्रैल में बनकर तैयार हो गया है। शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात मंदिर आम नागरिकों के लिए खोल दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के पश्चात योगी आदित्यनाथ चौथी बार अपने गांव पंचूर पहुंचे हैं। पहली बार योगी आदित्यनाथ साल 2022 में 03 मई को अपने भतीजे के मुंडन के अवसर पर पंचूर पहुंचे थे। उस समय वह दो रात गांव में ठहरे थे। उसके बाद वह 6 फरवरी 2025 को अपने गांव आए थे और इस दौरान वह अपनी भतीजी के विवाह समारोह में शामिल हुए थे। उस समय योगी आदित्यनाथ 3 रात गांव में ठहरे थे। तीसरी बार 6 फरवरी 2026 को योगी आदित्यनाथ पंचूर पहुंचे थे और उस समय उन्होंने जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया था। अब चौथी बार योगी आदित्यनाथ अपने गांव पहुंचे हैं।
