उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश में जल्दी ही मौसम बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में मानसून धीरे-धीरे सक्रिय हो जाएगा। प्रदेश में मानसून की दस्तक के लिए परिस्थितियां शीघ्रता से अनुकूल हो रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज हवा, गरज-चमक और छिटपुट बारिश के आसार बन रहे हैं। साथ ही 30 जून से प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि फिलहाल एक – दो दिन प्रदेश के चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर जैसे दक्षिणी जिलों में तपिश भरी गर्मी बरकरार रहने की संभावना है है।
मौसम विभाग द्वारा सोमवार के लिए प्रदेश के कई जिलों में गरज चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा तराई क्षेत्र के कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर में अच्छी बारिश होने का पूर्वानुमान भी है। मानसून के सक्रिय होने के साथ ही प्रदेश भर में अधिकतम तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मानसून पहुंचने से प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। परंतु प्रदेश के कई जिलों में है मेघगर्जन तथा वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।
सोनभद्र, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, वाराणसी, फतेहपुर, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया आदि जिले इससे प्रभावित रह सकते हैं।
राजधानी लखनऊ में शनिवार रात चली तेज आंधी और हल्की बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत प्रदान हुई थी। हालांकि रविवार को दिन चढ़ने के साथ गर्मी और उमस में फिर से तेजी दिखाई दी।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को लखनऊ में गर्मी में कुछ कमी महसूस की जा सकती है। हालांकि, उमस से लोगों को परेशानी रहेगी। फिलहाल लू चलने की संभावना नहीं है और सोमवार रात से मंगलवार के बीच छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 30 जून से प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। इसका असर राजधानी लखनऊ में भी देखने को मिल सकता है। 30 जून या इसके पश्चात मानसून के सक्रिय होने से प्रदेशवासियों को गर्मी-उमस से खासी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं उत्तर प्रदेश के पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के लिए मौसम विज्ञान केंद्र ने 02 जुलाई तक का मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया है। पूर्वानुमान के अनुसार अगले चार दिन तक उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना बन रही है। हालांकि बारिश पहाड़ी जिलों में ही होगी और मैदानी जिलों में सिर्फ तेज हवाएं, बादलों की गर्जना और बिजली चमकने की घटनाएं हो सकती हैं।
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए मौसम का येलो अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट के अनुसार आज सोमवार 29 जून को उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं तीव्र से अति तीव्र बारिश होने के आसार बन रहे हैं। बुधवार 01 जुलाई को भी ऐसा ही मौसम ऐसा ही रहेगा। साथ ही 02 जुलाई को भी पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में जुलाई की शुरुआत पहाड़ी जिलों में बरसात से होगी। 01 जुलाई को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना बन रही है। शेष पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है।हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिले में सिर्फ बादल गरजेंगे और बिजली चमकेगी।
गुरुवार 2 जुलाई को भी राज्य की राजधानी सहित नैनीताल, बागेश्वर, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना बन रही है। बाकी के पर्वतीय जिलों में कहीं – कहीं तीव्र से अति तीव्र बारिश हो सकती है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों में इन दिन भी बारिश होने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग द्वारा लोगों से 02 जुलाई तक सतर्कता बरतने की अपील की गई है। बिजली गिरने पर सावधान रहने को कहा गया है ताकि जानमाल की क्षति से बचा जा सके। इस दौरान झोंकेदार हवाएं चलने से कच्चे और असुरक्षित मकानों को हल्का नुकसान होने की संभावना भी जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 30 जून से 2 जुलाई तक संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं सड़कों और राजमार्गों पर अवरोध पैदा हो सकता है, इसलिए मौसम का अपडेट लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग की ओर से जारी की गई चेतावनी के अनुसार कहीं-कहीं नदी-नालों का प्रवाह बहुत ज्यादा बढ़ सकता है जिसके चलते निचले इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है।
