हिमाचल प्रदेश : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि योग हमारी परंपरा को दर्शाता है और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करता है ।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर आयुष विभाग की ओर से 21 जून की सुबह अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में आयोजित किए गए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बताैर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री, विधायक, कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेताओं, गणमान्य अतिथियों सहित तकरीबन दो हजार लोगों ने  योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विभाग के योग सामरिक का विमोचन भी किया। योग अभ्यास के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने योग दिवस की सभी को बधाई देते हुए कहा कि योग हमारी परंपरा को दर्शाता है और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करता है ।

सीएम ने कहा कि योग हमारी संस्कृति की सबसे बड़ी उपलब्धि है जिसे आज पूरा विश्व मना रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार निचले हिमाचल में खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार निरंतर कार्य कर रही है और ऊना, मीरपुर तथा बिलासपुर जिलों में खेल सुविधाएं काफी संख्या में है। इसके मद्देनजर हिमाचल सरकार खेलो इंडिया गेम्स को हिमाचल प्रदेश में करवाने के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत करेगा।

ड्रग फ्री हिमाचल अभियान पर उन्होंने कहा कि इसके दूसरे चरण में सरकार प्रत्येक घर तक नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि योग इसमें एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को जोलसप्पड़ में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने कैंपस में क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास करने के साथ ही यहां पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जांच की।

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि यह मेडिकल कॉलेज यूपीए सरकार की देन है। मौजूदा कांग्रेस सरकार ने इसके लिए प्रदेश सरकार के हिस्से का बजट उपलब्ध करवाया है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने सांसद अनुराग ठाकुर की ओर से दिए बयान पर पलटवार किया।

सीएम ने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर को इस कॉलेज के निर्माण का झूठा श्रेय नहीं लेना चाहिए। विगत बीस वर्षों से वह सांसद हैं, ऐसे में उन्हें झूठ न बोलकर सच्चाई को स्वीकार करना चाहिए। वर्ष 2014 में तत्कालीन प्रधानमंत्री की ओर से इसकी मंजूरी प्रदान की गई थी। उस समय 189 करोड़ रुपए केंद्र से मंजूर किए गए थे जबकि अब करीब 500 करोड़ रूपए के करीब इसकी लागत आई है। 189 करोड़ के अलावा जितना भी बजट यहां पर खर्च हुआ है वह मौजूदा कांग्रेस सरकार ने दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 5 से 10 जुलाई के बीच मेडिकल कॉलेज को जोलसप्पड़ कैंपस में शिफ्ट कर दिया जाएगा। एम्स दिल्ली की तर्ज पर यहां पर भी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और यहां पर रोबोटिक सर्जरी भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि वर्ल्ड क्लास लैब की सुविधा प्रदेश के पांचों मेडिकल कॉलेज में प्रदान की जाएगी और इसके लिए 150 करोड़ रुपए का बजट अनुमोदित किया गया है। प्रदेश सरकार के खजाने से यह पैसा दिया गया है।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के ओपीएस पर दिए गए बयान पर मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा ओपीएस को बंद कर देगी। भाजपा और विपक्ष के नेता के पास ओपीएस को लेकर कोई  माकूल जवाब नहीं है। प्रदेश सरकार की स्थिति जैसे और अधिक बेहतर होगी तब अन्य कर्मचारियों के लिए भी ओपीएस लागू किए जाने की योजना पर कार्य किया जाएगा।

जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में देरी को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बयान पर सीएम सुक्खू ने कहा कि जयराम ठाकुर पता नहीं किस नींद में हैं। प्रदेश में भाजपा की सरकार के दौरान 09 जिला परिषद में भाजपा काबिज थी परंतु फिर भी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को जनादेश मिला।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम लोगों की सरकार है। यह भाजपा की सरकार नहीं है जोकि 12 वर्ष पूर्ण होने पर मनरेगा, फौज की भर्ती को बंद करने का कार्य कर आगे बढ़ रही है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के बयान पर सीएम ने कहा कि ऐसा कभी नहीं होता कि केंद्र सरकार से बिना हिसाब के कोई बजट जारी होता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *