नई दिल्ली : मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिग्गज भारतीय टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज को पद्म भूषण पुरस्कार और पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान रोहित शर्मा को पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में मंगलवार को पद्म अवॉर्ड्स दिए। इस अवसर पर भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान सविता पूनिया को भी पद्म श्री पुरस्कार से नवाजा गया। साथ ही मध्य प्रदेश के भगवानदास रायकवार को मरणोप्रांत पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किया गया।
केंद्र सरकार ने इस वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी थी, जिसमें खेल जगत के कई दिग्गजों को सम्मिलित किया गया था। बता दें कि भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को कुछ दिन पूर्व पद्मश्री से नवाजा गया था। हरमनप्रीत कौर को उनके शानदार नेतृत्व और उपलब्धियों के लिए पद्मश्री सम्मान दिया गया।
वर्ष 2025 हरमनप्रीत के करियर के लिए बेहद अहम साबित हुआ था। उन्होंने घरेलू सरजमीं पर भारतीय महिला टीम को विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी और देश का नाम रोशन किया था।
पूर्व भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को पद्म श्री से सम्मानित किया गया। रोहित ने 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, परन्तु वनडे क्रिकेट में वह भारतीय टीम के अहम खिलाड़ी बने रहे। पिछले वर्ष उन्होंने वनडे प्रारूप में 650 रन बनाए और टीम के लिए बेहतरीन योगदान दिया। रोहित शर्मा के नेतृत्व में ही भारत ने टी20 विश्व कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के खिताब अपने नाम किए थे।
भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता पुनिया को भी पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किया गया है। उन्होंने लंबे समय तक भारतीय महिला हॉकी टीम की रक्षा पंक्ति को मज़बूती प्रदान की और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन से देश का मान बढ़ाया।
वहीं, विजय अमृतराज इस वर्ष पद्म भूषण पाने वाले एकमात्र खिलाड़ी रहे। विदित हो कि पद्म भूषण भारत का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। अमृतराज को इससे पहले 1983 में पद्मश्री और 1984 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है, जो भारतीय खेलों में उनके निरंतर चले आ रहे योगदान को दिखाता है।
राष्ट्रपति भवन, दिल्ली में सिनेमा जगत के कई कलाकारों को भी पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। साउथ सिनेमा के अभिनेता ममूटी और बॉलीवुड सिंगर अलका याग्निक को पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आर. माधवन को पद्श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनके अलावा भी कई कलाकारों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
अलका याग्निक ने अपने संगीत करियर की शुरुआत 1980 के दशक से की थी। उन्होंने हिंदी फिल्मों में एक से बढ़कर एक गाने गाए। इस उम्दा गायिका के गानों ने कई रिकॉर्ड भी कायम किए हैं। उनकी उपलब्धि के लिए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
आर माधवन तकरीबन विगत 30 वर्षों से हिंदी और साउथ की फिल्मों में अभिनय कर रहे हैं। अब तक बतौर कलाकार वह हर प्रकार के किरदार को निभा चुके हैं। माधवन के निभाए कई किरदार दर्शकों के दिल में विशेष मुकाम बना चुके हैं। इस अभिनेता को भी आज राष्ट्रपति द्वारा पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आर. माधवन की पत्नी और बेटा भी उपस्थित रहे।
ममूटी मलयालम फिल्मों के सुपरस्टार कहे जाते हैं। इस अभिनेता ने अपने करियर में लगभग 400 से अधिक फिल्मों में काम किया है। वह किरदारों में ढल जाने वाले एक उम्दा अभिनेता माने जाते हैं। इन्हें भी पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
