उत्तराखंड : उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल सोमवार को एक निजी कार्यक्रम के पश्चात् हरिद्वार जिला अस्पताल का निरीक्षण करने के लिए पहुंच गए। उनके अचानक अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया।
जिला अस्पताल के औचक निरीक्षण पर पहुंचे प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री का सफाई व्यवस्था दुरुस्त न पाए जाने पर पारा चढ़ गया। उन्होंने अस्पताल के सीएमएम को कठोर लहजे में कड़ी हिदायत दी और अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए। मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचने से अस्पताल कर्मियों में अफरा – तफरी का माहौल रहा।
बता दें कि सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री एक निजी कार्यक्रम के बाद जिला अस्पताल का निरीक्षण करने के लिए पहुंच गए। अचानक स्वास्थ्य मंत्री को अस्पताल में देखकर कर्मचारियों और डाॅक्टरों के होश फाख्ता हो गए। स्वास्थ्य मंत्री ने जिला अस्पताल का निरीक्षण करना शुरू किया और अस्पताल की गंदी वॉशबेसिन को देखकर उनका पारा चढ़ गया।
उन्होंने जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को मौके बुलाकर साफ-सफाई ठीक नहीं होने का कारण पूछा। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर मंत्री ने प्रमुख चिकित्साधीक्षक की जमकर क्लास ली। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह अस्पताल कम कूड़ाघर ज्यादा लग रहा है। उन्होंने पूछा कि आपको सफाई करने में क्या समस्या है जो आपने अस्पताल की साफ – सफाई का मजाक बना रखा है।
मंत्री के तेवर देखकर अस्पताल में सन्नाटा छा गया। स्वास्थ्य मंत्री ने मेला अस्पताल के भवन का जायजा लिया जिसमें अभी जिला अस्पताल चल रहा है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था, रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि आगे अस्पताल में खामियां मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल में किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विदित हो कि आजकल स्वास्थ्य मंत्री सरकारी अस्पतालों में जाकर सुविधाओं का मुआयना कर रहे हैं। कमियों मिलने पर उनकी ओर से अधिकारियों को जमकर फटकार भी लगाई जा रही है। अपनी कार्यशैली के फलस्वरूप इन दिनों स्वास्थ्य मंत्री प्रदेश में सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहे हैं।
वहीं राजधानी देहरादून में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सैनिक कल्याण निदेशालय के माध्यम से चलने वाली योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। जोशी ने कहा कि सैनिकों के कल्याण के लिए चलने वाली योजनाओं को समयबद्ध सभी सैनिक परिवारों तक पहुंचाना सरकार और निदेशालय की जिम्मेदारी और प्राथमिकता है।
इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री ने सोमवार को सैनिक कल्याण निदेशालय का दौरा किया। उन्होंने निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारियों से विभागीय कार्यों और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को यह आदेश दिया कि चल रही सभी योजनाओं का अपेक्षित सैनिक परिवारों तक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
