नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी सहित देशभर में बृहस्पतिवार को ईद-उल-अधा का पर्व अकीदत के साथ मनाया जा रहा है। ईद-उल-अधा की नमाज विभिन्न जगहों पर अदा की गई। नमाज में देश के लिए अमन-चैन और भाईचारा कायम रखने की दुआ की गई।

बकरीद के अवसर पर दिल्ली सहित तमाम जगहों पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए कमर कसी हुई है और जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की हुई है। संयुक्त पुलिस आयुक्त के अनुसार, पहले ही रूट मार्च और फ्लैग मार्च कर  लिए गए थे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर लिखा है कि ईद-उज-जुहा के अवसर पर मैं सभी देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम भाइयों और बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रदान करती हूं। यह त्योहार समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। यह पर्व हमें मानवता, विशेषकर वंचित वर्गों, की सेवा करने की प्रेरणा देता है। आइए, इस अवसर पर हम समाज में प्रेम और समरसता का संचार करने के लिए अधिक प्रतिबद्धता से आगे बढ़ें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा कि ईद-उल-अधा की हार्दिक शुभकामनाएं! ईश्वर करे कि यह अवसर हमारे समाज में भाईचारे और खुशियों की भावना को और गहरा करे। सभी की सफलता और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना।’

पूरे देश में बकरीद का त्योहार वीरवार को अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। राजधानी दिल्ली में स्थित शिया मस्जिद बाबुल इल्म में भी बड़ी संख्या में लोगों ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की। सुबह 9 बजे पहली नमाज़ अदा की गई, जिसके उपरांत सुबह 10 बजे दूसरी जमात हुई। इस अवसर पर मस्जिद परिसर में बड़ी संख्या में नमाज़ियों की मौजूदगी रही। करीब 2 हजार लोगों ने नमाज़ अदा कर मुल्क में अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी।

दिल्ली पुलिस ने बकरीद के लिए जिले भर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की हुई है। उत्सव अब तक पूरी तरह घटना-मुक्त रहा है और कुर्बानी घरों के भीतर ही की गई और की जाएगी।

बकरीद पर उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में 180 से अधिक मस्जिदों में नमाज अदा की गई। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कड़े सुरक्षा इंतजामों की जानकारी देते हुए कहा कि तीनों जोन में सिविल पुलिस और पीएसी बल तैनात किए गए हैं। नियंत्रण कक्ष और सोशल मीडिया से भी निगरानी की जा रही है। किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी।

यूपी की राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बकरीद का त्योहार पूरे उत्साह और भाईचारे के माहौल के मध्य मनाया जा रहा है। ईदगाह और मस्जिदों में नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी।

राजधानी लखनऊ सहित पूरे यूपी में ईद उल अजहा का (बकरीद) का त्योहार अकीदत, उल्लास और भाईचारे के माहौल के बीच मनाया जा रहा है। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इस मौके पर अलग-अलग जिलों की ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी और एक दूसरे को मुबारकबाद दी। घरों में सेवईं और पारंपरिक व्यंजन तैयार किए गए हैं और साथ ही  मेहमानों की मेहमाननवाजी का सिलसिला पूरे दिन चलता रहने की उम्मीद है।

नमाज से पहले मुस्लिम धर्मगुरुओं ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बकरीद का त्योहार त्याग, इंसानियत, भाईचारे और अल्लाह की राह में कुर्बानी का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से अमन, मोहब्बत और सादगी के साथ पर्व मनाने तथा जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की।

पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मस्जिदों और ईदगाहों के बाहर पुलिस बल लगातार गश्त चलता रहा, जिससे पूरे जिले में शांतिपूर्ण माहौल बना रहा।

नमाज के बाद शहरभर में कुर्बानी का सिलसिला शुरू हो गया। लोगों ने घरों में कुर्बानी कर सुन्नत अदा की। घरों में विभिन्न प्रकार के पकवान बनाए गए और लोगों ने एक-दूसरे को ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी ईद उल अजहा का पर्व शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। मेरठ समेत विभिन्न जिलों में ईदगाहों और मस्जिदों में लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *