नई दिल्ली : शनिवार को राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दिल्ली, गुरुग्राम समेत एनसीआर के कई इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई है। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर धूल भरी आंधी के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश तथा बिजली गिरने की संभावना जताई थी। अनुमान के अनुसार हवाओं की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में इस प्रकार ही मौसमी बदलाव का असर दिखाई देने की संभावना है। इनमें हरियाणा के सोनीपत, खरखोदा, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, पलवल, नूंह, औरंगाबाद और राजस्थान का भिवानी शहर सम्मिलित है। इन क्षेत्रों में धूल भरी आंधी के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना बन रही है।
गुरुग्राम में भी मौसम ने करवट बदली है। वहां तेज हवा चलने के साथ बूंदाबांदी हुई है जिससे लोगों को तेज धूप से राहत पहुंची है।
पिछले कई दिनों से दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में थे। राजधानी में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया था। कल मौसम विभाग ने अगले छह दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। इस दौरान अनुमान जताया गया था कि लू चलेगी और तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिन के साथ रात में भी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान जताया गया था।
पिछले कुछ दिनों से राजधानी दिल्ली भट्टी की तरह तप रही है। दिन के साथ-साथ रातें भी असामान्य रूप से गर्म बनी हुई हैं। निरंतर गर्म हवाओं के चलने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। बुधवार को इस सीजन की सबसे गर्म रात दर्ज की गई थी जिसमें न्यूनतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा था। रात में तापमान बढ़ने से लोगों को उमस और गर्मी दोनों का सामना करना पड़ रहा है।
राजधानी दिल्ली के साथ समूचे देश में ही भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। कई राज्यों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के करीब तक पहुंच गया है। भारत मौसम विभाग ने 28 मई तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, जबकि दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी, बारिश और 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
देशभर में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। शुक्रवार को देश के कई हिस्सों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। लगातार बढ़ती गर्मी और रात के समय भी तापमान में राहत न मिलने के कारण लोगों में हीट स्ट्रेस की परेशानी तीव्रता से बढ़ रही है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में 28 मई तक हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा और तेलंगाना में बेहद गर्म रातों की भी चेतावनी जारी की है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति ज्यादा खतरनाक होती है क्योंकि रात में तापमान कम न होने से शरीर को दिनभर की गर्मी से उबरने का मौका नहीं मिल पाता।
