पंजाब
संवाददाता : अनिल सौदा
पंजाब भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के पहली बार संगरूर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। प्रदेश अध्यक्ष ने सबसे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता करम लहल के आवास पर पहुंचकर उनसे शिष्टाचार मुलाकात की।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने करम लहल और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ चाय पर अनौपचारिक बातचीत की। बैठक के दौरान पंजाब में भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
मुलाकात के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने विश्वास दिलाया कि पंजाब में भाजपा को मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष की इस यात्रा और नेताओं के साथ हुई बैठक से भाजपा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।
