पंजाब
संवाददाता : अनिल सौदा
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना कूमकलां, लुधियाना में तैनात सहायक उप-निरीक्षक यानि एएसआई जगजीवन सिंह को 10,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पोर्टल पर सुरजीत कॉलोनी, राहों रोड, लुधियाना के एक निवासी की शिकायत के आधार पर की गई।
शिकायतकर्ता के रिश्तेदार के खिलाफ थाना कूमकलां, लुधियाना में एक मामला दर्ज था। एएसआई जगजीवन सिंह इस मामले में जांच अधिकारी था।
जब शिकायतकर्ता इस मामले के संबंध में आरोपी अधिकारी से मिला, तो उसने शिकायतकर्ता के रिश्तेदार को जमानत दिलवाने में मदद करने के बदले 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी और ले ली।
इसके बाद आरोपी एएसआई ने शिकायतकर्ता को दोबारा बुलाकर और 10,000 रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत मांगने संबंधी पूर्ण बातचीत रिकॉर्ड कर ली गई थी।
रिश्वत या किसी अन्य गलत तरीके का सहारा न लेने का फैसला करके शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज लुधियाना से संपर्क किया।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में जाल बिछाकर आरोपी एएसआई जगजीवन सिंह को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो थाना, लुधियाना में आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
