आपपंजाब / मोहाली
संवाददाता : अनिल सौदा
पंजाब आबकारी विभाग की अवैध शराब के खिलाफ जारी विशेष प्रवर्तन मुहिम के तहत मोहाली जिले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। आबकारी अधिकारी मोहाली दीवान चंद की निगरानी में आबकारी विभाग की टीम ने 22 जुलाई को क्रिस्टल गार्डन होटल, अंबाला हाईवे, सरसिनी में छापेमारी की। कार्रवाई का नेतृत्व आबकारी निरीक्षक गुरिंदर पाल ने आबकारी पुलिस स्टाफ के साथ किया। एफआईआर के अनुसार यह कार्रवाई 22 जुलाई 2026 की शाम को की गई।

छापेमारी के दौरान होटल के रेस्टोरेंट में दो टेबल पर ग्राहकों को शराब परोसी पाई गई। मौके से जॉनी वॉकर रेड लेबल की एक बोतल तथा ब्लैक एंड व्हाइट ब्रांड की एक बोतल बरामद की गई। जांच में सामने आया कि दोनों बोतल पर ‘फॉर सेल इन हरियाणा’ अंकित थीं, जबकि होटल के पास शराब परोसने के लिए कोई वैध बार लाइसेंस अथवा परमिट नहीं था। विभाग ने इसे पंजाब आबकारी अधिनियम का उल्लंघन मानते हुए शराब कब्जे में ले ली।
आबकारी विभाग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान प्रभुदयाल पुत्र जगदीश प्रसाद, निवासी अंबाला सिटी (हरियाणा) के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ पंजाब आबकारी अधिनियम, 1914 की धारा 68(1)(14) के तहत थाना लालड़ू में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राज्य में बिना लाइसेंस शराब की बिक्री और परोसने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी।