उत्तराखंड : उत्तराखंड में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार वीरवार दोपहर बाद राजधानी देहरादून सहित मसूरी, हरिद्वार और कोटद्वार में झमाझम बारिश हुई। साथ ही कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई।
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जनपदों के लिए अलर्ट जारी किया है। इन पहाड़ी क्षेत्रों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान ओलावृष्टि और तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम में अचानक हुए बदलाव को देखते हुए किसानों और आमजन को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। साथ ही वाहन चालकों को बारिश और तेज हवाओं के दौरान विशेष रूप से सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।
राज्य के चमोली जिले और मसूरी में मौसम ने करवट बदली और बारिश बर्फबारी ने लोगों को गर्मी से राहत प्रदान की। गोपेश्वर में दोपहर में कुछ देर के लिए ओलावृष्टि हुई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं पहाड़ों की रानी मसूरी में जमकर बारिश हुई और बारिश के साथ ओले भी पड़े जिससे मौसम में ठंडक लौट आई। सड़क की नालियां बंद होने से बरसात का पानी सड़कों पर बहने से परेशानी भी हुई।
मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के भीतर राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। साथ ही तकरीबन 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार भी बन रहे हैं। अनुमान के अनुसार कुछ जिलों में बारिश का दौर आगामी पांच मई तक जारी रह सकता है।
मौसम निदेशक ने बताया कि अगले 24 से 48 घंटों में प्रदेशभर में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम के साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार पांच मई तक कुछ जनपदों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
