उत्तर प्रदेश : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने शुक्रवार को आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि यहां से 15 जून 2026 से व्यावसायिक विमान सेवाएं संचालित की जाने लगेंगी। यहां से पहली कमर्शियल फ्लाइट इंडिगो द्वारा संचालित की जाएगी और इसके पश्चात अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं प्रारंभ कर देंगे।
एयरपोर्ट प्रबंधन जून के मध्य तक उड़ान शुरू होने की बात कह रहा है। यीडा व नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ का कहना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कॉमर्शियल सेवाएं जल्द से जल्द शुरू हो सकें इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। वर्तमान में नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करने के लिए तकरीबन 70 फ्लाइट के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।
यहां से सभी प्रमुख शहरों के लिए उड़ान प्रारंभ होनी हैं। इंडिगो के अलावा अकासा एयर, एयर इंडिया एक्सप्रेसवे के भी प्रस्ताव यहां से उड़ान के लिए मिल चुके हैं। शीघ्र ही यहां से उड़ान शुरू हो सकेंगीं।
शुरुआत में एयरलाइंस कंपनियों ने इस एयरपोर्ट से 17 फ्लाइट्स प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा है। एप्रूवल के बाद अब टिकट बुकिंग सेवा शुरू करने की प्रक्रिया को भी अंतिम रूप देने के निर्देश जारी कर दिए गए।
बता दें कि 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इस एयरपोर्ट का उद्घाटन हो चुका है। यहां घरेलू और कार्गो टर्मिनल बनकर तैयार हो चुका है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल का काम अभी जारी है। प्रथम चरण में एयरपोर्ट को 1334 हेक्टेयर में पूरा किया गया है। इसमें 3900 मीटर लंबा पहला रनवे, यात्री टर्मिनल, एटीसी और कार्गो हब सम्मिलित हैं।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के साथ साथ सरकार की आय का एक बड़ा स्रोत भी बनने जा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड यानि नायल को प्रति यात्री करीब 496 रुपये की आय होगी। एक अनुमान के मुताबिक अगले 30 वर्षों में इस एयरपोर्ट से कुल कमाई एक लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकने की संभावना है। एयरपोर्ट परियोजना की वजह से आसपास के क्षेत्रों में जमीन की मांग भी तेजी से बढ़ गई है।
यीडा के सीईओ ने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ यमुना सिटी क्षेत्र का विकास तेजी से हुआ है। केवल जमीन लेकर काम न करने वाली इकाइयों पर सख्ती बरतने के अप्रत्याशित सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस यह एयरपोर्ट वर्ष 2060-61 तक एक लाख करोड़ रुपये की आय वाला केंद्र बन जाएगा।
नोएडा एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया है कि उड़ान की मंजूरी मिलने के साथ इस बात की पुष्टि हो गई है कि एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था, प्रक्रियाएं और मानक सभी नियामकीय आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार हैं। इससे एयरपोर्ट की ऑपरेशनल रेडीनेस को भी मजबूती मिली है। प्रबंधन ने बताया कि अब एयरलाइंस कंपनियों और अन्य साझेदार एजेंसियों के साथ मिलकर व्यावसायिक उड़ानों की शुरुआत के लिए आपसी सहमति से तारीख तय कर ली जाएगी।
