उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद की एक सोसाइटी में बुधवार सुबह तकरीबन 8 बजे टावर की 9वीं मंजिल के फ्लैट में आग लग गई। छोटी सी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने के दौरान करीब 450 लोगों को समय रहते टावर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग के धुएं के कारण दो बुजुर्गों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम की गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के टावर डी ब्लॉक की बिल्डिंग में बुधवार सुबह यह आग लगने की घटना हुई।आग लगने की सूचना पर पहुंचे दमकल विभाग के कर्मियों में आग बुझाने का प्रयास प्रारंभ किया। पानी फ्लैट तक न पहुंच पाने पर लिफ्ट बुलाकर आग पर पानी डालना शुरू किया गया, परन्तु देखते ही देखते आग ने सात फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने के दौरान करीब 450 लोगों को समय रहते टावर से सुरक्षित रूप में बाहर निकाल लिया गया। धुएं की वजह से दो बुजुर्गों की तबीयत बिगड़ गई थी जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के करीब 8 बजे टावर की 9वीं मंजिल के फ्लैट में आग लगना शुरू हुई। धीरे – धीरे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने पर फ्लैट में रहने वाले लोग बाहर आने लगे। थोड़े समय पश्चात अन्य फ्लैटों में भी आग पहुंचने लगी। आग लगने पर टावर के सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकलने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया।
आरडब्ल्यूए के लोगों के मुताबिक आग लगते ही उनकी टीम ने फ्लैटों में फंसे लोगों को बाहर निकालने का कार्य प्रारंभ किया। इस दौरान एहतियातन टावर की बिजली और गैस लाइन बंद कर दी गई। आग लगने के दौरान फ्लैटों के अंदर से धमाकों की आवाज़ भी सुनी गई।
घटना की सूचना पाकर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का कार्य प्रारंभ किया। आग ऊपरी मंजिल पर थी तो वहां तक पानी नहीं पहुंच पा रहा था इसलिए आग बुझाने के लिए लिफ्ट बुलाई गई। लिफ्ट पर चढ़कर दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी व अन्य अधिकारी भी तत्काल मौके पर पहुंच गए।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में बहुमंजिली आवासीय भवन में भीषण आग लगने की घटना का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश देते हुए राहत कार्य में तेजी लाने के लिए कहा। सीएम योगी ने कहा कि किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस कमिश्नर, डीएम को भी मौके पर पहुंचने के लिए निर्देशित किया।
