उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के नोएडा जिले में लगातार बढ़ते तापमान के मद्देनजर स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। प्रशासन का कहना है कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह में तापमान लगातार बढ़ रहा है और दोपहर के समय तेज धूप और लू चलने के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। इसी वजह से यह निर्णय लिया गया है।
ग्रेटर नोएडा जिले में दिन ब दिन बढ़ती गर्मी और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा स्कूलों के समय में बदलाव का निर्णय लिया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार, जनपद में संचालित यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई समेत सभी बोर्ड के नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूल अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित किए जाएंगे। बता दें कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
विदित हो कि इससे पहले रविवार देर रात जारी आदेश में कक्षा 9 से 12 तक के स्कूलों के समय को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई थी, जिससे अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन में असमंजस की स्थिति बन गई थी। अब नए संशोधन के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि कक्षा 9 से लेकर 12 तक के स्कूल अपने पुराने निर्धारित समय के अनुसार ही संचालित होते रहेंगे।
प्रशासन का मानना है कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह में तापमान निरंतर बढ़ रहा है और दोपहर के समय की तेज धूप और इस समय चलने वाली लू से छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि बच्चों को भीषण गर्मी के दुष्प्रभाव से सुरक्षित किया जा सके। इसके साथ ही स्कूलों को भी निर्देशित किया गया है कि वे कक्षाओं में पर्याप्त एवं समुचित पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें और बच्चों को गर्मी से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए।
अभिभावकों ने प्रशासन के इस फैसले का स्वागत किया है और इसे बच्चों के हित में बताया। शिक्षा विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि यदि तापमान में वृद्धि जारी रहती है तो आगे और भी एहतियातन कदम उठाए जा सकते हैं, जिनमें स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने का फैसला भी शामिल हो सकता है। प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन से आदेश का दृढ़ता से पालन करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की अपील भी की है।
लू और भीषण गर्मी की चपेट में आकर पूरा उत्तर भारत झुलस रहा है। गर्मी की वजह से बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से रविवार देर रात स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया गया था। बीएसए द्वारा स्कूलों को भेजे आदेश में सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक कक्षाएं संचालित करने के लिए कहा गया था, परन्तु आदेश रविवार देर रात जारी किया गया जिस वजह से सोमवार को स्कूल पुराने समय के हिसाब से ही चले और बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बता दें कि कई अभिभावकों ने इस आदेश पर भी अपना विरोध प्रकट किया है कि कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं पुराने समय पर ही संचालित की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों से व्यंग्यात्मक लहजे में प्रश्न पूछा कि गर्मी क्या बच्चों की कक्षाओं के अनुसार उन्हें परेशान करती है।
