उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौसम की विपरीत परिस्थितियों में आमजन को तत्काल मदद उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मौसम में अचानक आए बदलाव के चलते आंधी-बारिश की वजह से किसानों व आमजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सीएम ने कहा कि ऐसे में प्रतिकूल मौसम का प्रभाव न्यूनतम करने का पूरा प्रयास किया जाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह लखनऊ सहित प्रदेश के कई जनपदों में हुई आंधी-बारिश और विपरीत मौसम की परिस्थितियों को देखते आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों को लेकर प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।

सीएम योगी ने मौसम से प्रभावित जनपदों के जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि संपूर्ण सरकारी मशीनरी सक्रिय रहे और हर हाल में प्रयास किया जाए कि विपरीत मौसम का प्रभाव न्यूनतम हो। जनहानि, पशुहानि, घायलों व आपदा प्रभावितों को 24 घंटे में मुआवजा दिलाना सुनिश्चित किया जाए और इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

सीएम योगी ने कहा कि सरकार हर प्रतिकूल परिस्थिति में किसानों और समस्त प्रदेशवासियों के साथ अडिग खड़ी है। प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपरीत मौसम की वजह से कई जनपदों में सड़क दुर्घटनाओं की सूचना सामने आई है, वहां राहत व बचाव कार्य में तेजी आनी चाहिए। घायलों का निकटवर्ती अस्पतालों में त्वरित इलाज सुनिश्चित कराया जाए। आंधी-बारिश के कारणवश किसानों व आमजनों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति में पूरा प्रयास किया जाए कि प्रतिकूल मौसम का प्रभाव न्यूनतम हो।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निरंतर अपने क्षेत्र की जनता के बीच में रहें और वस्तुस्थिति का मुआयना करें। फील्ड अधिकारी भी खराब मौसम से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के बीच जाएं और उनसे संपर्क स्थापित करें। राहत कार्यों के लिए समन्वय बना कर कार्य किया जाए। किसी भी विपरीत स्थिति या आवश्यकता पर सभी सूचनाएं समय रहते एकत्रित करके शासन को उपलब्ध कराई जाएं ताकि प्रभावितों को जल्द से जल्द सहायता प्रदान की जा सके।

उत्तर प्रदेश मे चल रहे संभावित खराब मौसम की दृष्टिगत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से भी सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से आंधी, तेज हवाओं और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा है।

मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। ऐसी स्थिति में लोगों को खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के समीप खड़े होने से बचना चाहिए। प्रशासन ने किसानों से अपनी फसल और पशुधन का ख्याल रखने की अपील की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *