उत्तराखंड : 30 जुलाई से प्रारंभ हो रहे कांवड़ मेले में उत्तराखंड पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए पहली बार साइबर कमांडो की तैनाती करने जा रही है। मेले के दौरान गंगा घाटों और प्रमुख मार्गों पर तो सुरक्षा बल तैनात रहेंगे ही, साथ ही अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस का उद्देश्य साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के साथ – साथ एआई और अन्य माध्यमों से फैलाए जाने वाले भ्रामक, झूठे और भड़काऊ कंटेंट पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई करना है। फिलहाल सीमित संख्या में साइबर कमांडो हरिद्वार में तैनात किए जाएंगे जोकि आईआईटी जैसे संस्थाओं से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। 29 जुलाई तक पूरी फोर्स के तैनात हो जाने के साथ ही साइबर कमांडो मोर्चा सम्भल लेंगे। यह टीम भड़काऊ और भ्रामक पोस्ट डालते ही आवश्यक कार्रवाई शुरू कर देगी।
वर्तमान में में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और इंटरनेट के माध्यम से अफवाह फैलाने की घटनाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। पुलिस का मानना है कि कांवड़ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान भ्रामक संदेश, फर्जी खबर और फर्जी वीडियो कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकते हैं। ऐसी स्थिति में साइबर कमांडो की विशेष टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर बनाए रखेगी और किसी भी आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट को तुरंत चिन्हित कर उसे हटाने की कार्रवाई को अंजाम देगी।
इसके साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। सभी कमांडो मेला कंट्रोल रूम में बने साइबर सेल में तैनात रहेंगे और साइबर पुलिस भी इनकी सहायता करेगी।
इन दिनों सोशल मीडिया एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है, जिसके चलते साइबर कमांडो कांवड़ मेले के दौरान तैनात किए जाएंगे। गंगा घाट और सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक पर कड़ी निगरानी की जाएगी। भ्रामक कंटेंट पर पैनी नजर रखी जाएगी और साइबर क्राइम करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हरिद्वार के एसएसपी के मुताबिक एआई के माध्यम से भ्रामक और भड़काऊ कॉन्टेंट को तत्काल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया जाएगा। इंडियन सेंटर साइबर क्राइम कॉर्डिनेशन सेंटर के माध्यम से साइबर कमांडो मुहैया कराए जाएंगे, ताकि कांवड़ मेले में साइबर क्राइम को कंट्रोल किया जा सके। कांवड़ मेले के दौरान साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया पर भ्रामक, झूठी और भड़काऊ पोस्ट पर नजर रखी जाएगी। ऐसे मामले सामने आते ही तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस बार कांवड़ मेले के दौरान पांच करोड़ कांवड़ियों के आने की उम्मीद जताई जा रही है। अभी तक कांवड़ मेले में सड़क, हाईवे, गंगा घाट, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन यदि जगहों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी होती थी, परंतु इस बार एआई के बढ़ते चलन से सोशल मीडिया भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
दिल्ली में हुए आंदोलन में जिस तरह से सोशल मीडिया का इस्तेमाल हुआ, उसे देखते हुए पुलिस प्रशासन हरिद्वार में कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहता। यही वजह है कि इस बार भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट से निपटने और साइबर जालसाजों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पहली बार साइबर कमांडो की तैनाती की जा रही है।
साइबर क्राइम करने वालों के विरुद्ध न केवल मुकदमे दर्ज किए जाएंगे, बल्कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट भी हटाए जा सकते हैं।
कांवड़ मेले में पैरामिलिट्री फोर्स और पीएसी भी तैनात की जाएगी। पुलिस प्रशासन में कावड़ मेले की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं. इस बार मेले की सुरक्षा के लिए पैरामिलेट्री फोर्स के साथ पीएसी के जवान भी तैनात रहेंगे। डॉग स्कॉयड और बीडीएस की टीमें लगातार चेकिंग करती रहेंगी। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से भी स्थिति पर नजर रखी जाएगी।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार, ऋषिकेश और नीलकंठ महादेव से गंगाजल लेकर अपने-अपने राज्यों की ओर रवाना होंगे। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बीच व्यवस्था बनाए रखना उत्तराखंड पुलिस और जिला प्रशासन के लिए सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसी कारणवश इस बार यात्रा को पहले से अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए कई नए फैसले लिए जा रहे हैं।
इनमें एक अहम फैसला दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और मसूरी मार्ग को कांवड़ियों के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित करना है। प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था भी बनी रहे और आम लोगों का जीवन भी प्रभावित न होने पाए। इसके साथ ही हादसे रोकने के लिए भी ये पहल की जा रही है।
इस बार सबसे बड़ी व्यवस्था दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर यानी एक्सप्रेसवे को लेकर बनाई गई है।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी कांवड़िये को इस एक्सप्रेसवे पर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इसके लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस ने संयुक्त रूप से रणनीति तैयार कर ली है।
भगवानपुर बॉर्डर से ही श्रद्धालुओं को वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजा जाएगा, ताकि एक्सप्रेसवे केवल सामान्य वाहनों, एम्बुलेंस, दमकल और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए खुला रहे। प्रशासन का मानना है कि यदि एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों की आवाजाही शुरू हो गई तो दिल्ली और देहरादून के बीच तीव्र गति से चलने वाला यातायात पूरी तरह प्रभावित हो जाएगा, जिससे देहरादून में भारी भीड़ एकत्रित होने की संभावना उत्पन्न हो जाएगी। इसका सीधा असर देहरादून की जनता पर पड़ेगा। इसके मद्देनजर सीमा से ही निगरानी बढ़ाई जाएगी और हर प्रवेश बिंदु पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
पूर्व में कई बार ऐसा देखा गया है कि बड़ी संख्या में दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से आने वाले कई कांवड़िये हरिद्वार से जल लेने से पहले मसूरी घूमने निकल जाते हैं, जिससे मसूरी में भीड़ बढ़ जाती है. इसकी वजह से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसीलिए पुलिस ने प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी मसूरी में शिवभक्तों की एंट्री पर रोक लगाई हुई है।