उत्तराखंड : उत्तराखंड में इस सप्ताह मानसून दोबारा से सक्रिय होने के आसार बन रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार के लिए देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही राज्य के अन्य जिलों में भी गरज के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार पौड़ी, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चंपावत, यूएसनगर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का अनुमान है, जिसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार में भी बिजली चमकने की आशंका जताई गई है। रविवार को राजधानी देहरादून में दिनभर धूप और उमस के कारण गर्मी का असर बना रहा। यहां का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है। देहरादून के कई इलाकों में शाम के समय बारिश भी हुई।
घनसाली से प्राप्त हुई जानकारी के अनुसार, भिलंगना क्षेत्र में निरंतर हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। भूस्खलन और पहाड़ियों से बोल्डर गिरने की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं जिससे भय का माहौल बना हुआ है। शनिवार देर रात हुई भारी बारिश के बाद चमियाला बाजार में पहाड़ी से विशाल बोल्डर गिरने से कई दुकानों को भारी क्षति पहुंची। संयोगवश बाजार बंद होने के चलते कोई भी अनहोनी होने से टल गई।
शनिवार की रात को हुई तेज बारिश के दौरान चमियाला बाजार के ऊपर स्थित पहाड़ी से बड़े – बड़े बोल्डर अचानक नीचे गिर गए। इन बोल्डरों की चपेट में आने से एक दुकान की छत क्षतिग्रस्त पूर्णरूप से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि आसपास की कई दुकानों के शटर टूट गए।
बोल्डरों के अचानक गिरने से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से पहाड़ियां कमजोर हो गई हैं, जिससे क्षेत्र में भूस्खलन और बोल्डर गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है। यदि यह घटना बाजार खुला होने के दौरान घटी होती तो इससे बड़ी जनहानि हो सकती थी।
वहीं दूसरी ओर धर्मनगरी हरिद्वार में रविवार को लोग भीषण गर्मी से बेहाल नजर आए। दिन के समय तपती धूप और उमस ने लोगों को खूब परेशान किया। तेज धूप के कारण दोपहर के समय लोगों की आवाजाही में कमी देखी गई। शाम के समय भी गर्मी का अहसास बना रहा और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
मौसम के उतार – चढ़ाव के बीच उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा से संबंधित सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। यात्रा को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा प्लान भी तैयार कर लिया गया है। ग़ौरतलब है कि, 30 जुलाई से कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने जा रही है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार और ऋषिकेश, गंगा जल लेने पहुंचने की संभावना है।
यही कारण है कि प्रत्येक वर्ष प्रशासन के साथ ही तमाम संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं मुकम्मल करनी होती हैं, ताकि कांवड़ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु सुगमता से गंगा जल भर कर अपने गंतव्य को रवाना हो सकें।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि कांवड़ यात्रा में विघ्न डालने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सरकार सभी कांवड़ियों का देवभूमि में मां गंगा के स्थान हरिद्वार, ऋषिकेश में गर्मजोशी से स्वागत करेगी। यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं के लिए सीएम ने स्वयं बैठक की। जल भरने का स्थान, घाटों की साफ-सफाई, आवास, परिवहन की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने की निर्देश दिए गए और साथ ही जल पुलिस की तैनाती भी की गई।
कांवड़ यात्रा के चलते वाहनों का आवागमन प्रभावित न हों, इसके लिए ट्रैफिक प्लान भी तैयार कर लिया गया है। सीएम ने कावड़ियों से यात्रा के नियमों का पालन करने की अपेक्षा की है। उनके लिए यह यात्रा सुखद और सुरक्षित रहे, इसके लिए सरकार ने सभी प्रयास किए हैं।
साथ ही चेताया भी गया है कि जहां पर भी कोई कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करेगा या यात्रा में विघ्न डालेगा, तो कानून उसके खिलाफ सख्ती से पेश आएगा। हरिद्वार जिलाधिकारी के अनुसार, कांवड़ यात्रा को लेकर सीएम धामी ने भी रिव्यू लिया था और दिशा निर्देश दिए थे। कुछ दिनों में शुरू होने वाले कांवड़ मेले को देखते हुए ट्रैफिक से संबंधित विशेष प्लान तैयार किया गया है। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र का ड्रोन सर्विलांस भी किया जाएगा। ड्रोन से पार्किंग क्षेत्र , यात्रा रूट, मुख्य मंदिर और पर्यटक स्थल की निगरानी की जाएगी। इसे लेकर पुलिस विभाग की ओर से गाइडलाइन जारी कर दी गई है।