नई दिल्ली : देश के 100 सबसे गर्म शहरों में यूपी के 37 शहर शामिल हैं। पश्चिम बंगाल के 18, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में प्रत्येक के 6, पंजाब के 7, बिहार और ओडिशा में प्रत्येक के 5, महाराष्ट्र के 4, उत्तराखंड और आंध्र प्रदेश में प्रत्येक के 2 शहर सम्मिलित हैं। ज्यादातर शहरों में तापमान तापमान 42 से 45 डिग्री दर्ज किया जा रहा है।

भारत में गर्मी शुरुआत में ही रिकॉर्ड तोड़ती नजर आ रही है। वैश्विक तापमान आंकड़ों के अनुसार दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में 90 से अधिक भारत के हैं। इसके अलावा 6 शहर थाईलैंड और 2 शहर नेपाल के हैं। अप्रैल माह के प्रारंभ में ही दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और बंगलूरू जैसे शहरों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था। दिल्ली में तापमान 44 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है जिसके आने वाले दिनों में और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

शनिवार को यूपी के बांदा में देश में सर्वाधिक 47 डिग्री से अधिक तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद प्रयागराज में तापमान 45 डिग्री से अधिक और वाराणसी में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।, झांसी में 44.8 डिग्री रहा। कई शहरों में तापमान सामान्य से 5 डिग्री या उससे ऊपर चल रहा है, जिससे हीट स्ट्रेस की स्थिति बन रही है।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में लू चल सकती है। उत्तर भारत में रातें भी गर्म हो रही हैं। यह स्थिति हीट डोम जैसे हालात को इंगित करती है, जिसमें गर्म हवा एक क्षेत्र में फंस जाती है और तापमान लगातार बढ़ता चला जाता है।

राजधानी दिल्ली में शनिवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसके चलते राममनोहर लोहिया हॉस्पिटल में हीटस्ट्रोक यूनिट स्थापित की गई है। इसमें कूलिंग टब, 200 किलो बर्फ बनाने की मशीनें और पोर्टेबल आइस पैक रखे गए हैं।

उत्तर प्रदेश के आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में दोपहर 12 से 4 बजे तक मजदूरों के काम पर रोक लगा दी गई है। ओडिशा में सोमवार से सभी सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। केरल में लोगों को दोपहर में 11 से 3 बजे के बीच बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। लोगों से सेल्फ लॉकडाउन अपनाने के लिए कहा जा रहा है।

कर्नाटक में सभी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक यूनिट बनाने का आदेश जारी किए गए हैं ये सभी यूनिट 31 जुलाई तक चालू रखी जाएंगी।
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में भी स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।

विशेषज्ञों ने लोगों को धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। बच्चों, बुजुर्गों व बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की सलाह भी दी गई है। डाक्टरों के मुताबिक सावधानी बरतने से हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है।

वहीं श्रीनगर सहित कश्मीर घाटी के मैदानी इलाकों में शनिवार को रुक-रुक कर हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत प्रदान  हुई है।जोजिला दर्रे पर हल्की बर्फबारी हुई है और हिमाचल प्रदेश में रोहतांग दर्रा, कुंजम दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी हुई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *