पंजाब/ संगरूर
संवाददाता: अनिल सौदा
पंजाब के संगरूर में बुधवार को पेंशनर्स एसोसिएशन की ओर से अपनी लंबे समय से लंबित चली आ रही मांगों को लेकर राज्य स्तरीय रैली और धरना आयोजित किया गया। इस रैली में पंजाब के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आए पेंशनरों ने हिस्सा लिया और पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को तत्काल पूरा किए जाने की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा पेंशनरों की जायज मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे उनमें भारी रोष उत्पन्न हो गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि लंबित महंगाई भत्ता (डीए) का बकाया शीघ्र जारी किया जाए। वेतन आयोग से संबंधित शेष संशोधनों को तत्काल लागू किया जाए तथा पेंशनरों को मिलने वाली सुविधाओं में और अधिक सुधार किया जाए।
एसोसिएशन के नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों का समाधान नहीं किया, तो आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे संबंधित भविष्य में होने वाली किसी भी अप्रिय घटना के लिए पूर्ण जिम्मेदारी पंजाब सरकार की होगी।