नई दिल्ली : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आसमान साफ होने और पछुआ हवाओं के कमजोर की वजह से उत्तर भारत में दिन और रात के तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं केरल और कर्नाटक में बारिश और तेज हवाओं की संभावना बन रही है।
पिछले कुछ दिनों के दौरान चले बारिश के दौर के पश्चात अब गर्मी ने अपना रंग दिखाना प्रारंभ कर दिया है। उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है और अगले कुछ दिनों में इसके 40 डिग्री को पार कर जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। राजस्थान में तो कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री से अधिक हो भी गया है।
इस सप्ताह पूर्वी, मध्य, पश्चिमी और दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में लू चलने और मौसम उमस भरा रहने की संभावना है, जबकि पूर्वोत्तर भारत में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश के आसार बन रहे हैं।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और बिहार में कुछ स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। गुजरात, मध्य और तटीय महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर आंधी चली। वहीं, सौराष्ट्र व कच्छ, नागालैंड, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर तकरीबन 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हुई।
दिल्ली, यूपी और राजस्थान में शुष्क मौसम के साथ तेज धूप का असर दिखाई देने लगा है और कोलकाता में भी उमस भरी गर्मी शुरू हो गई है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है और वाले पांच दिनों में इसके 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में बांदा का तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार रात्रि से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, लद्दाख आदि क्षेत्रों में 15 से 18 अप्रैल के मध्य हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। कुछ जगहों पर गरज के साथ बिजली कड़कने और 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में 17 से 19 अप्रैल के दौरान छिटपुट वर्षा दर्ज की जा सकती है। चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में 17 और 18 अप्रैल को बारिश होने और 40 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इस दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की ओलावृष्टि भी हो सकती है।
असम और मेघालय में 18 अप्रैल तक छिटपुट बारिश, गरज और चमक के साथ 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक की गति से हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान अरुणाचल प्रदेश में कुछ हिस्सों में बिजली गिरने की संभावना भी व्यक्त की गई है। 15 से 17 अप्रैल के दौरान मणिपुर, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कमोबेश यही स्थिति रह सकती है।
राजस्थान के तापमान में पिछले 24 घंटों में 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज हुई है। चुरू, चितौड़गढ़, कोटा और बाड़मेर में पारा 40 डिग्री के पार चल रहा है। प्रदेश के बाड़मेर में सबसे अधिक 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। 17 और 18 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों, विशेषकर जोधपुर और बीकानेर डिवीजन में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना भी बन गई है।
ओडिशा में कई स्थानों पर लू चल रही है। टिटलगढ़ में सबसे अधिक 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में और अधिक वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।
