उत्तराखंड : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर समूचा उत्तराखंड योगमय नजर आया। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सेना के जवानों, युवाओं, छात्रों, युवाओं, मातृशक्ति व वरिष्ठ नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों के सीएम के साथ सामूहिक योगाभ्यास में प्रतिभाग किया। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं और योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का मूलभूत आधार बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां शारदा की पावन भूमि पर आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों के संग योगाभ्यास करने का अवसर मिलना उनके लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है। उन्होंने योग दिवस के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी योग प्रशिक्षकों, साधकों एवं आयोजकों का आभार प्रकट किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि योग भारत की सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर होने के साथ – साथ तन, मन व आत्मा का समन्वय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व व प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। योग ने संपूर्ण विश्व को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त किया है।

सीएम ने कहा कि आज विश्व के अधिकतम देशों में करोड़ों लोग, योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना चुके हैं। योग आज सीमाओं से मुक्त होकर एक सशक्त समाज का आधार एवं मानवता के कल्याण का वैश्विक माध्यम बन चुका है। योग के माध्यम से आज दुनिया में हमारे देश की विशिष्ट पहचान बनी है। योग के लिए दुनिया भारत की ओर देख रही है। योग ने देश व दुनिया को स्वस्थता का भी संदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि नियमित रूप से योगाभ्यास किए जाने से यह तनाव कम करने, जीवन को संतुलित बनाए रखने तथा असंभव लक्ष्य को पाने में विशेष भूमिका निभाता है। योग पूरी मनुष्यता के लिए हमारे ऋषि-मुनियों की यह महत्वपूर्ण देन है। देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग, आध्यात्मिक साधना और ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है। यहां की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा और प्राकृतिक वातावरण मानवता को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवन का संदेश प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार, उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। नई योग नीति के माध्यम से योग एवं ध्यान केंद्रों को प्रोत्साहन, योग प्रशिक्षकों को सहयोग तथा योग एवं वेलनेस आधारित रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग के साथ स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने, नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने तथा योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सुबह से ही प्रदेश में पहाड़ से लेकर मैदान तक लोग योगमय दिखे। सीएम धामी ने योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संपूर्ण देवभूमि योगमय नजर आई। मैदान से पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक हर किसी पर योग का रंग चढ़ा नजर आया। लोगों ने चारधाम से लेकर औली में भी योग किया गया।

राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। योग दिवस पर मंत्री और विधायकों से लेकर आम जनता ने भी योग से रहें निरोग के संदेश का प्रचार किया। देहरादून एयरपोर्ट पर आर्ट ऑफ लिविंग संस्था द्वारा एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। आयोजन में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया समेत विभिन्न एयरलाइंस और सीआईएसएफ के अधिकारियों, कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

धर्मनगरी हरिद्वार में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में योग उत्सव का आयोजन हुआ। इस दौरान उत्तराखंड के लोकगीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गईं।

योग दिवस पर देश-दुनिया से योग की भव्य तस्वीरें सामने आ रही हैं, वहीं आस्था के केंद्र देवप्रयाग संगम तट पर योग दिवस की औपचारिकता सिर्फ राष्ट्रीय कैडेट कोर के नौ कैडेटों और उनके एक शिक्षक के भरोसे पूरी होती दिखाई दी।

योग दिवस के विशेष अवसर पर औली स्थित आईटीबीपी स्कीइंग संस्थान के जवानों ने 13,780 फीट की ऊंचाई पर रोहतांग की बर्फीली चोटियों पर योगाभ्यास कर नया कीर्तिमान रचा दिया। बता दें कि इन दिनों टीम स्किंग का प्रशिक्षण भी ले रही है।

योग दिवस के अवसर पर गोपेश्वर के पुलिस मैदान में योग शिविर का आयोजन हुआ। इसका शुभारंभ राज्य सभा सांसद महेंद्र भट्ट द्वारा किया गया। शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग की ओर से नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। 

पौड़ी जिला मुख्यालय स्थित शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह स्टेडियम, रांसी में योग दिस पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री, जिलाधिकारी सहित उपस्थित कई गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धर्मनगरी ऋषिकेश में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। योग नगरी रेलवे स्टेशन परिसर स्थित पार्क में अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने योगाभ्यास कर योग दिवस मनाया और योग को अपने जीवन का नियमित हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

परमार्थ निकेतन में योग दिवस पर पूरा दिन योग, ध्यान, प्राणायाम का अभ्यास कराए जाने का कार्यक्रम है। इस अवसर पर स्वामी चिदानंद ने कहा कि योग का भव्य आयोजन यह साबित करता है कि भारत सिर्फ योग की जन्मभूमि ही नहीं, बल्कि विश्व को शांति, आध्यात्मिक चेतना, सद्भाव और वसुधैव कुटुम्बकम की भावना से जोड़ने वाला विश्वगुरू है।

योग दिवस के मौके पर गंगोत्री धाम में शिवानंद आश्रम के योग साधकों द्वारा योग शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन में पुलिस, पीएसी, आइटीबीपी, एसडीआरएफ एवं अन्य इच्छुक यात्रियों ने प्रतिभाग कर इसे सफल बनाया।

उत्तराखंड की शिवनगरी लाखामंडल में भी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शिव मंदिर प्रांगण में श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *