नई दिल्ली : मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार 10 मई को पश्चिमी हिमालयन क्षेत्र में एक नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके सक्रिय होने से आगामी दो दिन करीब 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में वीकेंड गर्म रहने के बाद अगले सप्ताह से मौसम का मिजाज फिर करवट लेने जा रहा है। इन नए पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से धूल भरी हवाएं चलेंगी और बारिश  होने के आसार भी बन रहे हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए अनुमान के मुताबिक 11 तथा 12 मई को आंधी व बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस वजह से अगले सप्ताह तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। 17 मई तक तापमान 40 डिग्री से नीचे ही बना रहने का अनुमान है और लू चलने की भी संभावना भी कम ही है। इससे लोगों को जेठ वाली गर्मी का अहसास अभी नहीं हो पाएगा।

13 मई को भी दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रहने की उम्मीद जताई गई है। वहीं शनिवार को आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही जिसके चलते अन्य दिनों के मुकाबले तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। हालांकि सामान्य तापमान अनुमान से कम ही दर्ज किया गया।

शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य तकरीबन 2.8 डिग्री कम 36.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया था लेकिन पूरे दिन धूप निकली रही जिससे गर्मी का अहसास हुआ।

मई के महीने में जहां आमतौर पर भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिलता है लेकिन इस साल इसके उलट इस बार मौसम सुहावना बना हुआ है। दिल्ली और एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। वहीं इस बार लू चलने की स्थिति भी नहीं बन रही है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम के बदले मिजाज से तापमान 40 डिग्री के पार नहीं पहुंच पाएगा। हालांकि मौसम साफ रहने और धूप खिलने पर सूरज की तपिश का अहसास अवश्य किया जाएगा।

पिछले दिनों हुई बारिश की वजह से भी तापमान में गिरावट देखने को मिली और लोगों को गर्मी से राहत पहुंची थी। हालांकि अब तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी है और दिल्ली सहित आसपास के इलाके में धूप-छांव का खेल चलता रहता है। बादलों की आवाजाही के कारण गर्मी ज्यादा महसूस नहीं होती परंतु तेज धूप पसीना निकाल रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *